Thursday, April 23, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

भीषण गर्मी में मंडप, ठंडे पानी और शौचालय की व्यवस्था की मांग

– बैंक सुविधाओं को लेकर उठी आवाज

मौदा :- भीषण गर्मी के बीच मौदा शहर में संचालित विभिन्न बैंकों में ग्राहकों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने से असंतोष बढ़ता जा रहा है. इस गंभीर समस्या को लेकर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, मौदा इकाई ने बैंकों से तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने की मांग की है.

शहर में दर्जनों बैंक शाखाएं संचालित हैं, जहां प्रतिदिन हजारों ग्राहक लेन-देन के लिए पहुंचते हैं. इनमें ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों की संख्या भी काफी अधिक है. लेकिन कई बैंकों के बाहर न तो छाया के लिए मंडप की व्यवस्था है और न ही पीने के ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध है. ऐसे में ग्राहकों को तेज धूप में लंबी कतारों में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है. ग्राहक पंचायत ने विशेष रूप से बैंक ऑफ इंडिया, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसी प्रमुख बैंकों का उल्लेख करते हुए कहा कि इतनी बड़ी संख्या में ग्राहकों के बावजूद मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है. इसके अलावा, कई ग्राहक निरक्षर होने के कारण बैंकिंग फॉर्म भरने जैसी प्रक्रियाओं में कठिनाई महसूस करते हैं. इस समस्या के समाधान के लिए प्रत्येक बैंक में एक अतिरिक्त कर्मचारी नियुक्त करने की मांग की गई है, जो ग्राहकों को आवश्यक कागजी कार्यवाही में मदद कर सके.

महिला सुविधा पर ग्राहक पंचायत सख्त

महिला ग्राहकों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया है. अधिकांश बैंकों में शौचालय केवल कर्मचारियों के लिए उपलब्ध होते हैं, जिससे महिलाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है. ग्राहक पंचायत ने सभी बैंकों में ग्राहकों के लिए स्वच्छ और सुलभ शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. ग्राहक पंचायत का कहना है कि बैंक केवल आर्थिक लेन-देन तक सीमित न रहकर ग्राहक सेवा की जिम्मेदारी भी निभाएं। साथ ही प्रशासन से भी इस मामले में हस्तक्षेप कर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई है, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com