spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

चाकू की नोक पर लूटपाट, दो आरोपी गिरफ्तार

– हैदराबाद हाईवे पर मजदूरों से तीन मोबाइल और नकदी छीनी

नागपुर :- शहर के पारडी थाना क्षेत्र में हैदराबाद की ओर जाने वाले हाईवे पर महालक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास चाकू की नोक पर लूटपाट का मामला सामने आया है। देर रात हुई इस वारदात में पांच आरोपियों ने दो मजदूरों को निशाना बनाकर तीन मोबाइल फोन और 500 रुपये नकद लूट लिए। मामले की जांच करते हुए पारडी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात में दो नाबालिगों सहित अन्य आरोपियों की संलिप्तता भी सामने आई है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, खापरी कुरडकर निवासी नंदू नामदेव डोंगरे (32) एक निजी कंपनी में मजदूरी करता हैं। 11 अक्टूबर की देर रात वह कंपनी के आयशर ट्रक से बॉयलर मुर्गियों का माल लेकर जा रहा था। ट्रक चालक और साथी मजदूर के साथ चाय पीने के बाद वह महालक्ष्मी पेट्रोल पंप के पास लघुशंका के लिए पैदल जा रहा था। इसी दौरान करीब 23 से 27 वर्ष उम्र के पांच अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने चाकू दिखाकर पैसे मांगे। शिकायतकर्ता द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। दोनों मजदूरों ने मदद के लिए शोर मचाया, तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और चाकू का डर दिखाकर उनके पास मौजूद तीन मोबाइल फोन तथा 500 रुपये नकद छीनकर फरार हो गए। लूटे गए माल में तीन मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मोबाइल और नकदी सहित कुल 35,500 रुपये का माल लूटा गया।

पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त जानकारी के आधार पर राहुल चौधरी तथा प्रियांशु उर्फ पांडा ठाकरे को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में वारदात में अन्य फरार आरोपियों और दो नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने तीनों मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका और उनकी तलाश को लेकर आगे की जांच जारी है।

Popular Articles