– जहां तक नजर जाए, पानी में डूबे ट्रैक्टर ही ट्रैक्टर
– गंगा का जलस्तर बढ़ने से पटना में हालात गंभीर
पटना :- बिहार में गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। पटना के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी फैलने लगा है। दीदारगंज चेक पोस्ट के पास गंगा किनारे स्थित ट्रैक्टर यार्ड पूरी तरह जलमग्न हो गया है। जहां कुछ दिन पहले तक सैकड़ों ट्रैक्टर और कृषि मशीनरी कतार में खड़ी थी, वहां अब दूर-दूर तक गंदा पानी और कीचड़ नजर आ रहा है।
दीदारगंज से सामने आए वीडियो में यार्ड में खड़े बड़ी संख्या में ट्रैक्टर पानी में डूबे दिखाई दे रहे हैं। कई ट्रैक्टरों के पहिए और निचला हिस्सा गहरे पानी में समा गया है। यार्ड का बड़ा हिस्सा पूरी तरह बाढ़ की चपेट में आ चुका है। गंगा किनारे और निचले क्षेत्र में स्थित होने के कारण नदी का पानी फैलते ही यह यार्ड भी जलमग्न हो गया।

गंगा ने तोड़ा पुराना रिकॉर्ड
पटना में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। गांधी घाट पर नदी का जलस्तर 50.57 मीटर तक पहुंच गया है, जो 2016 में दर्ज अब तक के सर्वाधिक जलस्तर से पांच सेंटीमीटर अधिक बताया जा रहा है। बिहार के 11 जिलों में बाढ़ का असर है और करीब 16.85 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।गंगा के अलावा कोसी, गंडक और बागमती नदियां भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
दानापुर-दियारा क्षेत्र में बाढ़ का पानी घरों, दुकानों और स्कूलों तक पहुंच गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। एसडीआरएफ की नावों, जवानों और गोताखोरों को प्रभावित इलाकों में तैनात किया गया है। दीदारगंज का जलमग्न ट्रैक्टर यार्ड बिहार में बाढ़ की भयावह स्थिति की तस्वीर पेश कर रहा है। जहां कभी कृषि मशीनरी से भरा मैदान दिखाई देता था, वहां अब सिर्फ पानी और उसमें डूबे ट्रैक्टर नजर आ रहे हैं।





