– क्राइम ब्रांच यूनिट 3 ने की कार्रवाई
नागपुर :- महाशिवरात्रि की रात कोतवाली थाना क्षेत्र में भाजपा पार्षद के पति पर हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. क्राइम ब्रांच यूनिट-3 ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी को दबोच लिया है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस के हवाले किया गया है.
दरअसल, यह सनसनीखेज वारदात नागपुर के जुनी शुक्रवारी इलाके में रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई थी. भाजपा पार्षदा मानसी सिमले अपने पति नितिन श्याम सिमले के साथ मंदिर में दर्शन करने गई थीं. दर्शन के बाद जैसे ही दोनों अपनी दोपहिया वाहन के पास पहुंचे, तभी आरोपी सोनू ठाकरे ने अचानक चाकू से दंपति पर हमला कर दिया.
हमले में मानसी सिमले बाल-बाल बच गईं, लेकिन आरोपी ने नितिन सिमले पर ताबड़तोड़ 4 वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. हमले के बाद आरोपी सोनू ठाकरे मौके से फरार हो गया था और पचमढ़ी भाग गया था. वहां से उसने एक परिचित को किसी अनजान व्यक्तिके मोबाइल फोन से संपर्क किया. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रैक की गई.
क्राइम ब्रांच यूनिट-3 की टीम जब तक पचमढ़ी पहुंचती, आरोपी वहां से नागपुर के लिए निकल चुका था. जैसे ही वह बस से लोहा पुल के पास उतरा और लक्ष्मी टॉकीज की ओर पैदल जाने लगा, पहले से घात लगाए पुलिसकर्मियों ने उसे गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ में आरोपी ने राजनीतिक द्वेष के चलते वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है. हालांकि, यह हमला किसी की सुपारी पर किया गया या व्यक्तिगत रंजिश में, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो पाएगा. फिलहाल आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया है.




