spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

बांग्लादेश में हिंसा के बीच 100 IED बम बरामद

– सुरक्षा एजेंसियों का दावा- बड़े हमले की थी साजिश

ढाका :- बांग्लादेश के कॉक्स बाजार जिले में सीमा सुरक्षा बल (BGB) ने छापेमारी कर 100 से ज्यादा आईईडी बम, 2 बंदूकें और 254 कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में 2 ऑटो रिक्शा चालकों को हिरासत में लिया गया है। BGB के मुताबिक, हथियार और विस्फोटक म्यांमार से तस्करी कर लाए गए थे। आशंका है कि इनका इस्तेमाल बांग्लादेश में किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने के लिए किया जाना था। हालांकि, जांच एजेंसी को अभी यह पता नहीं चला है कि संभावित हमले का निशाना कौन था।

तस्करी के लिए ऑटो रिक्शा और बाइक का इस्तेमाल

BGB को शनिवार रात हथियारों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद कॉक्स बाजार में चेकपोस्ट लगाकर संदिग्ध वाहनों की तलाशी ली गई। इस दौरान बम बनाने का सामान भी मिला। सुरक्षाबलों ने 2 ऑटो रिक्शा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। माना जा रहा है कि इनका इस्तेमाल हथियारों और विस्फोटकों की ढुलाई में किया गया था। BGB की शुरुआती जांच के मुताबिक, एक संगठित गिरोह ने म्यांमार से हथियार और विस्फोटक खरीदकर छिपे रास्तों से बांग्लादेश पहुंचाए थे। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान मोहम्मद इब्राहिम और मेहदी हसन के रूप में हुई है। इब्राहिम टेकनाफ के लेंगुरबिल इलाके का रहने वाला है, जबकि मेहदी हसन नतुन पल्लानपारा में रहता है। दोनों ऑटो रिक्शा चालक हैं।

हसीना की वापसी के ऐलान के बाद हिंसा की घटना बढ़ी

बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। वे 5 अगस्त 2024 को भारत आ गईं थीं। तब से यहीं रह रहीं हैं। हसीना के बाद मोहम्मद यूनुस ने अंतरिम सरकार की कमान संभाली थी। उन्होंने हसीना की पार्टी अवामी लीग पर लगे बैन लगा दिया था। चुनाव के बाद तारिक रहमान बांग्लादेश के प्रधानमंत्री बने। उनकी सरकार ने इस बैन को जारी रखा है। हसीना ने जुलाई 2026 में दिसंबर में बांग्लादेश लौटने और वहां की अदालत में कानूनी प्रक्रिया का सामना करने की इच्छा जताई थी। इस महीने उन्होंने दोबारा कहा कि वह हर हाल में दिसंबर में लौटेंगी। इसके बाद से देश में राजनीतिक तनाव बढ़ा और कई जगह हिंसा हुई। पूर्व पीएम हसीना ने नए पासपोर्ट और नेशनल आईडी की भी मांग की है लेकिन सरकार ने यह मांग मानने से इनकार कर दिया। बांग्लादेश सरकार लगातार भारत से हसीना को वापस सौंपने की मांग कर रही है। इस पर भारत ने कहा है कि शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मामला कानूनी है। नियमों के अनुसार काम किया जाएगा।

Popular Articles