– आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
नागपुर :- बेटी को एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर एक ठग ने एक पिता को 14 लाख रुपये का चूना लगा दिया. पुलिस ने संगम गांव, हिंगना निवासी संजय महादेवराव धवस (48) की शिकायत पर मामला दर्ज किया. आरोपी माणिकनगर, बेलतरोड़ी निवासी निर्मल नयन पांडे (45) बताया गया. निर्मल हिंगना रोड के गाड़गेनगर में एजुकेशन कंसल्टेंसी चलाता है. संजय की बेटी श्रृति 2 वर्ष पहले 12वीं कक्षा में उत्तीर्ण हुई. साथ ही उसने एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने के लिए नीट की परीक्षा दी. इस परीक्षा में उसे कम अंक मिले. कोचिंग सेंटर में साथ पढ़ने वाले ने उन्हें निर्मल पांडे के बारे में जानकारी दी.
जुलाई 2024 में संजय और उनकी बेटी निर्मल के गाड़गेनगर स्थित कार्यालय में गए. निर्मल ने उन्हें कम अंक मिलने के बावजूद मैनेजमेंट कोटा हिंगना के ही एक मेडिकल कॉलेज में प्रवेश दिलवाने का झांसा दिया. फीस के साथ कुल 1.20 करोड़ रुपये लगने की जानकारी दी. संजय ने हामी भर दी. इसके बाद आरोपी ने समय-समय पर प्रवेश प्रक्रिया के नाम पर उनसे नकद और ऑनलाइन पेमेंट के जरिए 14 लाख रुपये लिए. 2 वर्ष बीत जाने के बावजूद श्रृति को एडमिशन नहीं मिला. संजय ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा. न तो बेटी को कॉलेज में प्रवेश मिला और न ही संजय को रकम वापस दी गई. उन्होंने परेशान होकर हिंगना पुलिस से शिकायत की. पुलिस ने निर्मल के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है. निर्मल द्वारा इसी तरह और भी लोगों को फंसाए जाने की जानकारी पुलिस को मिली है.




