नागपुर :- प्रतापनगर थाना क्षेत्र में एसटी बस में भीड़ का फायदा उठाकर 60 वर्षीय महिला के पर्स से 16 लाख 24 हजार रुपये के सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। स्नेहनगर बस स्टैंड से वर्धा जाते समय यह वारदात हुई। महिला की शिकायत पर प्रतापनगर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता अरुणा दिलीप सावजी (60) स्नेहनगर बस स्टैंड से शिवाई एसटी बस में सवार होकर वर्धा जा रही थीं। बस में काफी भीड़ थी। इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने भीड़ का फायदा उठाकर उनके पर्स में रखी जेवरों की छोटी पर्स चोरी कर ली। चोरी हुए आभूषणों में 20 ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, 20 ग्राम का नेकलेस, 6 ग्राम के कान के टॉप्स और 70 ग्राम की चार सोने की चूड़ियां शामिल हैं। चोरी गए जेवरों की कुल कीमत 16 लाख 24 हजार रुपये बताई गई है। घटना की जानकारी होने के बाद महिला ने प्रतापनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस बस में लगे संभावित सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।





