– बोमा पर फिरौती वसूली का मामला
नागपुर :- चर्चित और कुबड़े बोमा के खिलाफ सदर पुलिस ने फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया है. व्यापारी के साथ हाथापायी कर बोमा ने पिस्तौल की नोक पर 20 लाख रुपये मांगे. पैसे नहीं मिलने पर जान से मारने की धमकी दी. सिविल लाइंस निवासी इंद्रकुमार घीसूलाल अग्रवाल (52) की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया है. अग्रवाल कपड़े और रियल एस्टेट का व्यवसाय करते हैं. बोमा शहर का सबसे चर्चित और विवादित सटोरिया है. अजय शर्मा नामक दोस्त के जरिए अग्रवाल का बोमा से परिचय हुआ था. व्यवसायी होने के कारण दोनों के बीच दोस्ती हो गई. 18 जनवरी 2025 को अग्रवाल संतरा मार्केट की मारवाड़ी चॉल में स्थित अपनी दुकान पर बैठे थे. तभी बोमा वहां आया और एक प्रॉपर्टी के दस्तावेज दिखाकर 1.20 करोड़ रुपये की मदद मांगी.
अगले ही महीने अग्रवाल के बेटे का विवाह था, इसीलिए उन्होंने रकम देने में असमर्थता दिखाई. तब बोमा उन्हें बुरा-भला कहकर वहां से चला गया. तब से अग्रवाल ने उससे बातचीत बंद कर दी थी. 18 फरवरी को वह बिन बुलाए अग्रवाल के बेटे की शादी में आ गया था. विगत 3 दिसंबर की रात 3.41 बजे के दौरान बोमा ने उन्हें फोन करके अपार्टमेंट के नीचे मिलने बुलाया. 5 मिनट बाद दोबारा फोन कर बोमा ने जरूरी काम होने का हवाला देकर नीचे बुलाया. वहां जाते ही बोमा ने अग्रवाल की कॉलर पकड़ ली और गालीगलौज करने लगा. पैसे नहीं देने की बात को लेकर विवाद करने लगा, व्यापार करना है तो 20 लाख रुपये देना होगा कहकर धमकाने लगा और पिस्तौल निकाल ली. पैसे नहीं मिलने पर गोली मारने की धमकी देने लगा. उस समय तो अग्रवाल ने उसे पैसों का इंतजाम करने का आश्वासन देकर टाल दिया. 7 दिसंबर की रात 2 बजे के दौरान फिर से बोमा ने उन्हें कॉल करके गालीगलौज की. जान से मारने की धमकी देकर सुबह 6 बजे तक 20 लाख रुपये का इंतजाम करने, अन्यथा गोली मार दूंगा कहा. मामले की शिकायत सदर पुलिस से की.




