नई दिल्ली :- दिल्ली में बड़ा एक्शन हुआ है. नए साल से पहले दिल्ली पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए बड़ी धड़-पकड़ की है. पुलिस के साउथ-ईस्ट जिले ने अपराध पर कड़ी कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन आघात 3.0’ को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है. इस अभियान के तहत विभिन्न आपराधिक मामलों से जुड़े 285 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. इस तरह नए साल से पहले राजधानी में कानून व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह ऑपरेशन अपराधियों पर लगाम कसने और असामाजिक तत्वों को जड़ से उखाड़ फेंकने के उद्देश्य से चलाया गया था. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की है. कुल 21 कंट्री मेड पिस्टल, 20 जिंदा कारतूस और 27 चाकू जब्त किए गए, जो हथियारों की अवैध तस्करी और उपयोग को रोकने में मददगार साबित होंगे. इसके अलावा, नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए 6.01 किलोग्राम गांजा और 12,258 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की गई. जुआरियों से 2,30,990 रुपये नकद जब्त किए गए, जो जुआ जैसे संगठित अपराधों पर नकेल कसने का प्रमाण है. चोरी की संपत्ति में 310 मोबाइल फोन, 231 दोपहिया वाहन और 1 चारपहिया वाहन शामिल हैं, जो ऑटो लिफ्टिंग और संपत्ति अपराधों से जुड़े गिरोहों को तोड़ने में सहायक रहे.
दिल्ली पुलिस ने 504 लोगों को कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया है. वहीं 116 बदमाश (Bad Characters) को भी पकड़ा गया. इसके अलावा 10 संपत्ति अपराधी और 5 ऑटो लिफ्टर गिरफ्तार किए गए, जिनसे चोरी से जुड़ी कई अहम बरामदगियां हुई हैं. इसके साथ ही 1,306 लोगों की भूमिका के तहत राउंड अप किया गया, ताकि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके.




