– रायपुर से नागपुर जा रहे पिकअप से नकदी जब्त, दो हिरासत में
– छत्तीसगढ़ के खुर्सीपार में कार्रवाई, दो लोग हिरासत में
नागपुर :- छत्तीसगढ़ के खुर्सीपार में पुलिस ने नागपुर जा रहे एक बोलेरो मैक्स पिकअप ट्रक से करीब 4 करोड़ रुपये नकद जब्त किए हैं। रविवार रात की गई इस कार्रवाई में वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस अब नकदी के स्रोत, उसके मालिक और उसे नागपुर ले जाने के उद्देश्य की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि रायपुर से नागपुर जा रहे एक सफेद बोलेरो मैक्स पिकअप में बड़ी मात्रा में नकदी ले जाई जा रही है। इसके आधार पर पुलिस ने खुर्सीपार थाना क्षेत्र के डबरापारा इलाके में वाहन को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन के पिछले हिस्से में एक गुप्त खांचा मिला, जिसमें नकदी छिपाकर रखी गई थी। जांच में करीब 4 करोड़ रुपये बरामद हुए। इतनी बड़ी रकम मिलने के बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया और उसमें सवार दोनों लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
आयकर विभाग को भी दी जाएगी सूचना
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद रकम कहां से लाई गई थी, इसका मालिक कौन है और इसे नागपुर क्यों ले जाया जा रहा था। मामले में आर्थिक लेनदेन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। रकम के स्रोत की पड़ताल के लिए आयकर विभाग को भी सूचना दिए जाने की बात सामने आई है।
फिलहाल, नकदी के स्वामित्व और उसके स्रोत को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








