spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

युवक की हत्या मामले में 6 गिरफ्तार

– वर्चस्व और पुरानी रंजिश में चाकुओं से गोदकर की थी हत्या

नागपुर :- सीताबर्डी पुलिस थाना क्षेत्र में सतपुड़ा लॉन के पास सोमवार देर रात वर्चस्व और रंगदारी को लेकर चल रही पुरानी रंजिश में एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गोंडटोली, तेलंगखेड़ी-अंबाझरी निवासी आकाश नेवारे के रूप में हुई थी। वारदात रात करीब 12.30 बजे हुई। हमले में आकाश के शरीर पर करीब 23 घाव पाए गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने ताबोड़तोड़ कार्रवाई करते हुए इस हत्याकांड में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आकाश अपने कुछ साथियों के साथ धरमपेठ स्थित किंग किचन बार में शराब पीने गया था। वहां से शराब की बोतल पार्सल लेकर निकलने के बाद साथियों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि आकाश और आरोपियों के बीच पहले से वर्चस्व को लेकर रंजिश चल रही थी। इसी खुन्नस में आरोपियों ने उसे सतपुड़ा लॉन के पास गली में दोबारा शराब पीने के लिए बुलाया। वहां विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने आकाश पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।

मुंबई भागने की फिराक में थे आरोपी

पुलिस ने मामले में विशाल चचाने (29), पीयूष बघेल (21), रंजीत माहतो (25), अंकुश मरसकोल्हे (25), सचिन सेलारे (23) और एक नाबालिग सभी अंबाझरी निवासी के शामिल होने की जानकारी सामने आने के बाद उनकी तलाश शुरू की। आरोपी मुंबई भागने की फिराक में थे। इससे पहले ही सीताबर्डी पुलिस, क्राइम ब्रांच यूनिट-2 और अंबाझरी पुलिस की टीमों ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए सभी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल, पीयूष और सचिन करीब 10 दिन पहले ही हत्या के एक मामले में जेल से बाहर आए थे। वहीं, मृतक आकाश के खिलाफ भी हत्या और चोरी जैसे गंभीर मामले दर्ज होने की जानकारी है। कुछ आरोपियों के खिलाफ भी हत्या और लूट सहित गंभीर अपराध दर्ज बताए जा रहे हैं।

रंगदारी को लेकर विवाद की भी जांच:

प्राथमिक जांच में रंगदारी मांगने को लेकर विवाद की बात भी सामने आई है। हालांकि, हत्या का वास्तविक कारण और वारदात का पूरा घटनाक्रम अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। घटना के बाद गैंगवार की आशंका को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.