– 22 जून को होगी मतगणना
नागपुर :- विधानपरिषद की नागपुर स्थानीय निकाय संस्था सीट के उपचुनाव के लिए गुरुवार को शांतिपूर्ण मतदान हुआ।। जिले के 14 मतदान केंद्रों पर कुल 836 मतदाताओं में से 823 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह चुनाव में 98.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, नागपुर शहर क्षेत्र के 11 तथा उमरेड और कामठी क्षेत्र के एक-एक सदस्य सहित कुल 13 मतदाता मतदान से अनुपस्थित रहे। इनमें नागपुर मनपा के मुस्लिम लीग के 6 व एआईएमआईएम के 4 नगरसेवकों का समावेश है। दोनों दल तटस्थ रहे। उपचुनाव में भाजपा के डॉ.राजीव पोतदार और कांग्रेस के अतुल लाेंढे के बीच मुकाबला हुआ।
उपचुनाव के लिए कुल 836 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें 419 पुरुष और 417 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए जिले में 14 केंद्र बनाए गए थे। नगर परिषद, नगर पंचायत, महानगरपालिका तथा कैंटोनमेंट बोर्ड के निर्वाचित प्रतिनिधियों ने अपने-अपने निर्धारित केंद्रों पर मतदान किया।
नरखेड़, काटोल, कळमेश्वर, सावनेर, पारशिवनी, कन्हान-पिंपरी, रामटेक, मौदा, कामठी, नागपुर शहर, वानाडोंगरी और बुटीबोरी सहित विभिन्न तहसील एवं नगर परिषद कार्यालयों में मतदान केंद्र स्थापित किए गए थे। इन केंद्रों पर संबंधित नगर परिषदों, नगर पंचायतों, महानगरपालिका और कैंटोनमेंट बोर्ड के सदस्यों ने मतदान किया।
इस उपचुनाव के लिए 25 मई को अधिसूचना जारी की गई थी। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 1 जून थी, जबकि 2 जून को नामांकन पत्रों की जांच की गई। उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए 4 जून तक का समय दिया गया था।
मतदान गुरुवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया गया। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच नागपुर कलेक्टर कार्यालय स्थित बचत भवन के स्ट्रॉन्ग रूम में रखा गया है। मतगणना 22 जून को इसी परिसर में होगी, जिसके बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
नगरसेवकों को भी विशेष निगरानी में रखा
इस चुनाव में मतदाताओं को अपने पाले में रखने के लिए विशेष सावधानी बरती गई। भाजपा के नगरसेवकों की गोवा व मुंबई की यात्रा करायी गई। कांग्रेस के नगरसेवकों को भी विशेष निगरानी में रखा गया। मनपा के नगरसेवकों को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए भाजपा व कांग्रेस ने बस की व्यवस्था की थी।




