Home Latest News जामसांवली में प्रसादम एवं वातानुकूलित भक्त निवास का भव्य शुभारंभ

जामसांवली में प्रसादम एवं वातानुकूलित भक्त निवास का भव्य शुभारंभ

0
55
 
नागपूर १ : चमत्कारिक श्री हनुमान लोक जामसांवली मंदिर में दो महत्वपूर्ण प्रकल्पों—‘प्रसादम’ भोजन सेवा एवं वातानुकूलित भक्त निवास-3 का भव्य शुभारंभ हुआ।
श्रद्धेय विवेक महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर लोकार्पण की विधि सम्पन्न कराई।
इस शुभ अवसर पर विधान परिषद सदस्य कृपाल तुमाने, पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड, पांढुर्णा कलेक्टर अजय देव शर्मा, ट्रस्ट संरक्षक दादाराव बोबडे, अध्यक्ष गोपाल शर्मा, उपाध्यक्ष संतोष डवरे, सचिव टीकाराम कारोकार,जिला अध्यक्ष एवं ट्रस्टी संदीप मोहोड, तथा ट्रस्टीगण , एम. एन. खंडाईत, शिशिर खंडार, अजय धवले, पांढुरंग बोबडे, मनोहर शेलकी, वसंतराव येलमुले, वसंत शेलकी, मोहन ताजने, निलेश जुननकर, सुशील माहेश्वरी, राजु बाविसटाले एवं अन्य गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ उपस्थित रहे।
नवीन सेवा के तहत श्रद्धालुओं को अब मात्र 30 रुपये में स्वच्छ एवं सात्विक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। यह भोजन प्रसाद भक्तों को सुविधा देने के साथ-साथ दानदाताओं को पुण्य अर्जित करने का अवसर भी प्रदान करेगा।
भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भक्त निवास-3 का उद्घाटन किया गया है। इसमें 11 आधुनिक वातानुकूलित कक्ष निर्मित किए गए हैं, जिससे आने वाले श्रद्धालु अब और अधिक आरामदायक निवास का लाभ ले सकेंगे।
इस अवसर पर अपने आशीर्वचन में श्रद्धेय विवेक महाराज ने कहा कि “जामसांवली केवल उपासना का स्थान नहीं, बल्कि आस्था, सेवा और समाज में सद्भाव का जीवंत केन्द्र है। प्रसादम और भक्त निवास की नई व्यवस्था से भक्तों को सहूलियत मिलेगी तथा भक्ति का मार्ग और सुगम बनेगा।”
इन नवीन सेवाओं के शुभारंभ से जामसांवली हनुमान मंदिर की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा भक्तों की आस्था और सुविधा दोनों में अभूतपूर्व वृद्धि होगी।