– बेलिशॉप प्राचीन श्री शिव मंदिर में सामूहिक तुलसी विवाह सम्पन्न
नागपुर :- कामठी रोड स्थित बेलिशॉप रेलवे कॉलोनी के प्राचीन श्री शिव मंदिर परिसर में इन दिनों भक्तिभाव और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर प्रांगण में स्थापित विदर्भ का सबसे बड़ा तुलसी वृंदावन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लगभग साढ़े तीन फुट चौड़े और चार फुट ऊंचे इस वृंदावन में लगी तुलसी सहित कुल ऊंचाई करीब सात फुट तक पहुंचती है।
मंदिर समिति ने वृंदावन की आकर्षक सजावट रंग-बिरंगी दीपमालाओं और पुष्पों से की है। श्रद्धालु यहां तुलसी पूजन के बाद इस भव्य वृंदावन के साथ सेल्फी लेते हुए अपनी श्रद्धा के क्षण संजोते नजर आए।

कार्तिक मास में तुलसी पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। इसी अवसर पर श्री शिव मंदिर समिति की ओर से शनिवार, 1 नवम्बर 2025 को शाम 7:30 बजे सामूहिक तुलसी विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। संपूर्ण विवाह विधि मंदिर के पुजारी पं. राजेश द्विवेदी ने वेदमंत्रों के बीच सम्पन्न कराई।
मुख्य यजमान पं. कृष्ण मुरली पांडे सपत्नीक रहे। विवाह समारोह में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक वातावरण को उल्लास और भक्ति से भर दिया। कार्यक्रम के पश्चात प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही आतिशबाजी भी गई।
इस अवसर पर डॉ. प्रवीण डबली, पी. सत्याराव, सी. प्रकाशराव (गुंडूराव), संजय मालवीय, प्रेमलाल यादव, गणेश कोतलवार, पी. विजय, सी. राजगोपाल राव, मनीष नायडू, विलास खोडे, राजकुमार सहनीय, पी. कन्याकुमारी, पुष्पा नागोत्रा, शशि यादव, विद्या डे, निर्मला बैस सहित मंदिर की सभी महिला सदस्य और समिति पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह भव्य तुलसी वृंदावन विदर्भ का अब तक का सबसे विशाल वृंदावन माना जा रहा है, जो श्रद्धा, सौंदर्य और संस्कृति का सुंदर प्रतीक बनकर भक्तों के मन में गहरी छाप छोड़ रहा है।



