– 33 किलो गांजे के साथ 6 गिरफ्तार
नागपुर :- ग्रामीण इलाकों में गांजा तस्करी और बिक्री में धीरे-धीरे बड़ा इजाफा हो रहा है. तस्करी के लिए नारियल पानी का उपयोग किए जाने की जानकारी काटोल पुलिस और मादक पदार्थ विरोधी दल (एनडीपीएस सेल) द्वारा की गई संयुक्त कार्रवाई में सामने आई है. कार्रवाई में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) काटोल ग्रामीण के अध्यक्ष सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो फरार आरोपियों की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से 6 लाख 72 हजार रुपए के 33.6 किलो गांजा सहित कुल 17 लाख 17 हजार रुपए का माल जब्त किया गया है. यह जानकारी थाना प्रभारी रंजीत शिरसाठ ने दी. कार्रवाई मंगलवार तड़के काटोल शहर में की गई. गिरफ्तार आरोपियों में समीर विजय राऊत (24 वर्ष), छगन प्रीतम चरपे (23 वर्ष), सूरज बाबराव सुपटकर (25 वर्ष), ये तीनों दातेवाड़ी, तह. नरखेड़ के निवासी हैं. विशाल देवीदास सेंबेकर (23 वर्ष, मेंढला, तह. नरखेड़), सचिन भागवत झोड़ (22 वर्ष), वैभव दिलीप काले (28 वर्ष), ये दोनों डोरली भांडवलकर, तह. काटोल के निवासी हैं, जबकि समीर पाचपोर (वडविहिरा, तह. नरखेड़) और गज्जू नामक आरोपी फरार हैं. आरोपी वैभव काले भाजयुमो काटोल ग्रामीण का अध्यक्ष है और समीर पाचपोर वाहन मालिक है.
मुख्य आरोपी समीर राऊत नारियल पानी बेचने का काम करता है. श्रीकांत देवते ने काटोल शहर के चांदक लेआउट में रहने वाले रमेश गजभिये का घर किराए पर लिया है. इस घर का एक कमरा समीर ने किराए पर लिया था. उस कमरे में वो गांजा रखकर लोगों को बेच रहा था. पुलिस सहित एनडीपीएस सेल के अधिकारियों को इस बात की सूचना मिली, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.








