– गरीबों के निवाले पर डाका : भानखेड़ा में राशन माफिया का राज
नागपुर :- अन्न वितरण अधिकारी (शहर) अंतर्गत इतवारी परिमंडल के भानखेड़ा परिसर में पुलिस की टीम ने सोमवार की दोपहर राशन तस्कर के गोदाम पर छापा मारकर कार्रवाई की, और गोदाम को सील कर दिया. लेकिन एक दिन बीत जाने के बाद भी तस्कर के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ है. पुलिस के अनुसार कार्रवाई के बाद अन्न आपूर्ति विभाग (शहर) को जानकारी दे दी गई. लेकिन अब तक विभाग ने इस पर कोई रिपोर्ट पुलिस को नहीं सौंपी है. विभाग की रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई संभव है. वहीं एक दिन बाद भी मामला दर्ज नहीं होने से पुलिस और अन्न आपूर्ति विभाग की भूमिका पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं. भानखेड़ा में हनुमान मंदिर के पास गली में स्थित एक अनाज गोदाम पर पुलिस की टीम ने सोमवार को छापा मारा. पुलिस को यहां तस्करी की जानकारी मिली थी. अब भी गोदाम सील है. सूत्रों के अनुसार यह गोदाम जावेद और शरफू नामक तस्कर का बताया जा रहा है. यह दोनों ही तस्कर पिछले काफी समय से क्षेत्र में अनाज की तस्करी में सक्रिय है. इन दोनों के साथ पार्टनरशिफ में डीजे नामक तस्कर भी जुड़ा है. इतवारी परिमंडल क्षेत्र अंतर्गत कई राशन दुकानदारों से यह दोनों अनाज खरीदते हैं. यह सरकारी अनाज कार्डधारकों के कोटे से चोरी कर बचाया हुआ माल होता है. जावेद और शरफू इस सरकारी अनाज की कालाबाजारी करते हैं, इसे शहर के बाहर मिलों में भेजते हैं. इसके अच्छे दाम वसूलते हैं. कई राशन दुकानों के अगल-बगल में इन्होंने अपने गुर्गे भी छोड़ रखे हैं, जो अनाज इकट्ठा करके इन्हें देते हैं. बड़े पैमाने पर अनाज इकट्ठा करके तस्करी करते हैं. इसमें मुख्य तस्कर जावेद शामिल है.
विभाग की चुप्पी ; ‘रिपोर्ट’ के इंतजार में अटकी तस्करों पर कार्रवाई
पुलिस की टीम ने सूचना के आधार पर भानेखड़ा परिसर में राशन गोदाम पर छापा मारकर कार्रवाई की है. लेकिन अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है, क्योंकि अन्न धान्य वितरण अधिकारी की ओर से अब तक रिपोर्ट नहीं मिली है. पुलिस ने कार्रवाई के बाद राशन विभाग को मामले की जानकारी दे दी थी. भानखेड़ा में राशन गोदाम पर छापा मारने की सूचना हमें पुलिस विभाग की ओर से प्राप्त हुई. लेकिन हमने स्पष्ट किया कि मुख्य अधिकारी को बताना आवश्यक है. लेकिन बाद में न ही विभाग की तरफ से कोई दिशानिर्देश मिले और न ही पुलिस ने कोई सूचना दी.








