– छग में वारदात, 1 आरोपी बंदी
नारायणपुर :- छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में 11 वर्षीय एक बालिका के साथ दुष्कर्म करने और उसकी हत्या कर देने को लेकर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सोनपुर थाना क्षेत्र में बालिका के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या के आरोप में पुलिस ने संजू कुमेटी को गिरफ्तार किया है. बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि इस थाना क्षेत्र के ओरछाकुरी गांव की यह बालिका 31 दिसंबर से लापता थी. बाद में ग्रामीणों ने 4 जनवरी को कोसरा गांव के एक खेत में उसका शव बरामद किया. ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सुंदरराज ने बताया कि जांच के आधार पर पुलिस ने गुनेर गांव के निवासी आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया. अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चला कि कुमेटी बालिका और उसके परिवार को जानता था. उसने उसके साथ दुष्कर्म किया एवं अपराध को छिपाने के लिए उसकी हत्या कर दी. पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि कुमेटी ने कथित तौर पर बालिका को कुल्हाड़ी से मारा था. उन्होंने बताया कि मामले में वैज्ञानिक और तकनीकी सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.








