– निजी बैंक कर्मचारियों ने दुकान किया सील
सावनेर :- शहर के चिचपुरा परिसर में एक निजी बैंक कर्मचारियों द्वारा कर्ज वसूली के लिए किराना दुकान को सील किए जाने से परेशान होकर किराना व्यापारी नासिर शेख (65) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. इस घटना से पूरे परिसर में शोक की लहर फैल गई है. जानकारी अनुसार, नासिर शेख चिचपुरा परिसर में वर्षों से किराना दुकान संचालित कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे. बताया गया कि उन्होंने निजी बैंक से व्यवसाय के लिए कर्ज लिया था. इसी क्रम में बैंक कर्मचारियों ने सोमवार को दुकान को सील कर दिया और शाम तक कार्रवाई जारी थी. जिससे नासिर शेख मानसिक तनाव में आ गए और उन्होंने शाम 7.30 बजे के करीब मकान के ऊपरी माले पर जाकर फांसी लगा ली. घटना के बाद चिचपुरा परिसर में व्यापारियों और नागरिकों में आक्रोश देखा गया. खबर लिखे जाने तक इस संबंध में पुलिस में शिकायत नहीं हुईं थी.




