– धरमपेठ जोन में होर्डिंग चोरी, सीसीटीवी में कैद ‘चुनावी खेल
नागपुर :- चुनाव प्रचार अपने उफान पर है। 15 जनवरी को मतदान होना है। इससे पहले हर उम्मीदवार प्रचार में ताकत झोंक रहा है। प्रचार के लिए जितने साधन है, उसका बढ़-चढ़कर उपयोग कर रहा है। सोशल मीडिया से लेकर परंपरागत जो भी साधन है, जैसे बैनर-होर्डिंग, पोस्टर, स्टिकर, बिल्ले, दुपट्टे आदि का प्रचार में इस्तेमाल किया जा रहा है। कुछ जगहों पर उम्मीदवारों ने मतदाताओं तक सीधे पहुंचने के लिए बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए हैं, लेकिन प्रतिस्पर्धी उम्मीदवारों ने अपने विरोधी उम्मीदवार के प्रचार को रोकने के लिए उसके होर्डिंग ही गायब कर दिए हैं। ताजा मामला धरमपेठ जोन से निकलकर सामने आया है। एक उम्मीदवार ने एक इमारत के सामने बड़ा होर्डिंग लगाया था। तीन-चार दिन पहले कुछ लोगों ने देर रात वह होर्डिंग ही गायब कर दिया। होर्डिंग चुराते हुए कुछ लोग सीसीटीवी में भी कैद हो गए। सोशल मीडिया पर यह वीडियो भी वायरल हुआ। इसी तरह सदर-गिट्टीखदान प्रभाग में एक पार्टी के उम्मीदवारों ने अपने प्रचारार्थ जगह-जगह स्टिकर चिपकाए थे। कहीं ठेलों पर, दुकानों पर और मकानों पर यह स्टिकर चिपकाए थे, लेकिन दूसरे दिन ये स्टिकर गायब दिखे। कई जगहों पर यह स्टिकर फटे और सड़कों पर बिखरे मिले। एक या दो जगह से स्टिकर गायब होना या फटना तो आम माना जाता है, लेकिन सारे जगहों से स्टिकर हटना यह प्रतिस्पर्धी उम्मीदवारों के डर का अहसास करा रहा है। इस तरह की शिकायतें और भी जगह से आ रही हैं। कहीं उम्मीदवारों के प्रचार में अड़ंगा डालने के लिए आचारसंहिता के उल्लंघन की शिकायत हो रही है, तो कहीं प्रचार रोकने की साजिश करने का आरोप लग रहा है। फिलहाल प्रचार को अंतिम दो दिन शेष है। ऐसे में इस तरह के किस्से-कहानियां लगातार सामने आने का दावा किया गया है।








