– मार्च तक कैसे वसूली जाएगी राशि? दिसंबर तक सिर्फ 2.48 करोड़ की हुई वसूली
गोंदिया :- नागरिकों और शासकीय कार्यालयों पर नगर परिषद का टैक्स बढ़ता ही जा रहा है। गोंदिया नगर परिषद का 8 करोड़ 56 लाख रुपए का टैक्स बकाया है। जिसमें से शासकीय कार्यालयों पर 38 लाख का टैक्स है। यह टैक्स मार्च अंत तक वसूल करना है। जबकि दिसंबर 2025 तक मात्र 2 करोड़ 48 लाख रुपए की ही वसूली हो पाई है। ऐसे में फरवरी और मार्च माह में शेष 8 करोड़ 56 लाख रुपए का टैक्स वसूल कैसे हो पाएगा? यह सवाल अब निर्माण हो रहा है। गौरतलब है कि गोंदिया नगर परिषद टैक्स के माध्यम से राजस्व का जुगाड़ करती है। इस राशि से साफ सफाई सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है। लेकिन गोंदिया में टैक्स जमा करने के प्रति लोगों की रुचि कम नजर आ रही है। आम जनता हो या फिर सरकारी विभाग सभी का लाखों एवं करोड़ों का टैक्स बकाया है। यूं तो नागरिक नगर परिषद से अच्छी सुविधा की उम्मीद रखते हैं, लेकिन जब कोई टैक्स अदा नहीं करता तो नगर परिषद को भी परेशानियां होने लगती है। गोंदिया नगर परिषद का कुल 8 करोड़ 56 लाख रुपए का टैक्स बकाया है, जिसमें से शासकीय कार्यालयों पर 38 लाख रुपए के टैक्स का समावेश है। दिसंबर तक 2 करोड़ 48 लाख रुपए के टैक्स की वसूली तो की जा चुकी है। नगर परिषद द्वारा नागरिकों को समय-समय पर टैक्स अदा करने को कहा जा रहा है, लेकिन नागरिकों द्वारा टैक्स जमा करने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है। वहीं शासकीय कार्यालयों को भी टैक्स के बारे में पत्र के माध्यम से जानकारी दी गई है।नियमानुसार यह पूरी बकाया राशि मार्च माह के अंत तक वसूल की जानी है, लेकिन वास्तविक स्थिति चिंताजनक है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार दिसंबर 2025 तक मात्र 2 करोड़ 48 लाख रुपये की ही वसूली हो सकी है। शेष राशि की वसूली के लिए अब केवल कुछ ही महीने शेष हैं, जिससे नगर परिषद के राजस्व विभाग पर दबाव बढ़ गया है।
सूत्रों के अनुसार, टैक्स बकाया होने के कारण नगर परिषद के विकास कार्य, रखरखाव और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई प्रस्ताव प्रभावित हो सकते हैं। विशेष रूप से शासकीय कार्यालयों द्वारा टैक्स भुगतान में हो रही देरी पर भी सवाल उठ रहे हैं। नगर परिषद प्रशासन का कहना है कि बकायादारों को नोटिस जारी करने, विशेष वसूली अभियान चलाने और शासकीय विभागों से समन्वय कर राशि वसूलने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि मार्च अंत तक नगर परिषद बकाया टैक्स की कितनी राशि वसूल कर पाती है।








