यवतमाल :- उमरखेड़ में प्रकृति के कोप और अतिवृष्टि के चलते उमरखेड़ तहसील के निंगनुर (अनंतवाडी) के युवा किसान ने आत्महत्या कर ली. आत्महत्या करनेवाले किसान का नाम मारोती सखाराम रनमले (28) बताया गया है. शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल में उपचार के दौरान किसान की मृत्यु हो गई. मिली जानकारी के अनुसार किसान मारोती रनमले के पास समूह नंबर एक व सर्वे नंबर 939/1 में लगभग 1.60 आर खेती है. बीते कुछ दिनों पहले हुई अतिवृष्टि से उनकी पूरी खेती तबाह हो चुकी थीं. वहीं फसलें पानी में समा जाने से खराब हो गई थीं. खेती कार्य के लिए उठाया कर्ज बर्बाद होने और आय का स्त्रोत नष्ट हो जाने से मारोती चिंतित था. मंगलवार 3 फरवरी की दोपहर में किसान ने अपने खेत में जहर गटक लिया. यह बात परिजनों के ध्यान में आते ही किसान को फुलसावंगी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल किया गया. लेकिन हालत चिंताजनक होने से उपचार के लिए यवतमाल जिला अस्पताल रेफर किया गया. तीन दिनों तक जिंदगी और मृत्यु से संघर्ष करने के बाद शुक्रवार को युवा किसान ने दम तोड दिया. प्रशासन ने पंचनामा कर पीडित परिवार को तत्काल आर्थिक मदद देने चाहिए यह मांग ग्रामीणों ने उठायी है.








