– वितरक और गोदामों की शुरू हुई जांच
नागपुर :- घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए शहर पुलिस ने मंगलवार से विशेष अभियान शुरू किया है. सीपी रवींद्र कुमार सिंगल ने शहर के सभी पुलिस थानेदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में सख्त जांच अभियान चलाने और एलपीजी सिलेंडरों की अवैध बिक्री या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. यह कदम घरेलू और व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की कमी की शिकायतों और कुछ लोगों द्वारा इन्हें अधिक कीमत पर कालाबाजारी में बेचने की खबरों के बाद उठाया गया है. सीपी ने कहा कि शहर पुलिस ने स्थिति पर नजर रखने के लिए विशेष टीमें तैनात की हैं. एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पर निगरानी रखने के लिए अपराध शाखा की 2 विशेष टीमें गठित की गई हैं, साथ ही सभी पुलिस थानों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जांच करने और एलपीजी वितरकों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. अधिकारियों को एलपीजी वितरण केंद्रों का नियमित दौरा करने और वितरकों के संपर्क में रहने के लिए कहा गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि सिलेंडर ग्राहकों को सही और कानूनी तरीके से उपलब्ध कराए जा रहे हैं. पुलिस दस्तों ने गोदामों और ऐसे संदिग्ध स्थानों पर अचानक निरीक्षण भी शुरू कर दिया है जहां सिलेंडरों का अवैध भंडारण होने की आशंका है. ऐसे हिस्ट्रीशीटरों की सूची भी तैयार की है जो पहले एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी या अवैध कारोबार में शामिल रहे हैं.
सीपी ने बताया कि हमने ऐसे कई लोगों की इस गतिविधियों में शामिल रहे हैं. पुलिस दस्ते उन पर लगातार नजर रख रहे हैं. यदि कोई व्यक्ति सिलेंडरों की जमाखोरी या अवैध बिक्री करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस जांच अभियान के अलावा शहर के विभिन्न इलाकों में पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है, ताकि एलपीजी के भंडारण और परिवहन से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके. उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं एलपीजी सिलेंडरों की जमाखोरी या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस थाने को सूचित करें.