– पानी के लिए खून-खराबा, 3 अरेस्ट
नागपुर :- अभी गर्मी शुरू हुई ही है और शहर में पानी की किल्लत देखने मिल रही है. धार धीमी होने के कारण एक व्यक्ति मोटर पम्प लगाकर पानी भर रहा था. इसकी जानकारी पड़ोसियों को मिली और विवाद शुरू हो गया. पड़ोसी ने अपने समर्थकों को बुलाकर उस पर जानलेवा हमला कर दिया. यह घटना यशोधरानगर थानांतर्गत माजरी झोपड़पट्टी में हुई. जख्मी शेख मुस्तफीज शेख पवाज बताया गया. आरोपी पड़ोसी आसिफ अली शौकत अली और उसके साथी निजामुद्दीन कॉलोनी निवासी मुकद्दस शेख शरीफ, सूफियान समीर शेख और 2 नाबालिग हैं. पुलिस ने आसिफ, मुकद्दस और सूफियान को गिरफ्तार कर लिया. 2 नाबालिग भी पुलिस के कब्जे में हैं. बीते सोमवार की शाम मुस्तफीज घर में पानी भर रहा था.
धार कम होने के कारण उसने नल में मोटर पम्प लगा लिया. इससे पड़ोस में रहने वाले आसिफ के नल का पानी बंद हो गया. आसिफ ने उसे ऐसे करने से मना किया और दोनों के बीच बहस हो गई. आसिफ ने अपने साथी मुकद्दस और सूफियान को फोन कर घर पर बुला लिया. 2 नाबालिग रिश्तेदार भी वहीं मौजूद थे. मुकद्दस ने गाली-गलौज करते हुए मुस्तफीज को जान से मारने की धमकी दी. सभी ने मिलकर मुस्तफीज को पीटना शुरू कर दिया. इसी दौरान मुकद्दस ने सड़क पर पड़ा पत्थर उठाकर मुस्तफीज के सिर पर वार कर दिया. वह बुरी तरह जख्मी हो गया और जमीन पर गिर गया. बुधवार की रात पुलिस ने बयान दर्ज कर मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर हत्या के प्रयास सहित विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया.








