सावनेर में लहराएगा 125 फीट ऊंचा तिरंगा

0
54

– राष्ट्रीय ध्वज से नगर के गांधी चौक को मिलेगी अब एक और नई पहचान

सावनेर :- शहर के मध्य स्थित गांधी चौक को अब एक नई पहचान मिलने जा रही है. सावनेर के विधायक डॉ. आशीष देशमुख की पहल पर यहां लगभग 1 करोड़ रुपये की निधि से जिले का सबसे ऊंचा 125 फीट का राष्ट्रीय ध्वज स्थापित किया जा रहा है. इसके साथ ही पूरे परिसर का सौंदर्याकरण कर गांधी चौक को एक आकर्षक और व्यवस्थित रूप दिया जा रहा है. कुछ ही दिनों में यह साकार होगा. विधायक देशमुख की इस पहल को शहरवासियों द्वारा व्यापक सराहना मिल रही है, इसे सावनेर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. शहर का हृदयस्थल माने जाने वाला गांधी चौक लंबे समय से यातायात की दृष्टि से संवेदनशील स्थान बन चुका है चौक के बीचों-बीच स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के चारों ओर से शहर के प्रमुख मार्गों का ट्रैफिक गुजरता है. लगातार बढ़ती वाहनों की संख्या के कारण यहां कई बार दुर्घटनाओं की स्थिति भी बनती रही है. नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने का निर्णय लिया गया है. योजना के तहत गांधी प्रतिमा को वर्तमान स्थान से हटाकर शासकीय अस्पताल के कॉर्नर पर एक सुसज्जित और सुरक्षित स्थान पर स्थापित किया जाएगा. वहां प्रतिमा के आसपास आकर्षक परिसर विकसित कर लोग श्रद्धापूर्वक महात्मा गांधी को नमन कर सकें और यह स्थान भी शहर का एक महत्वपूर्ण स्मारक स्थल बने. वहीं गांधी चौक के वर्तमान स्थान पर 125 फीट ऊंचा भव्य ध्वज स्तंभ स्थापित किया जाएगा, जिस पर भारत का तिरंगा शान से लहराएगा यह ध्वज पूरे जिले में सबसे ऊंचा होगा और सावनेर की नई पहचान के रूप में उभरेगा शहर से दूर दूर से ही दिखाई देने वाला यह तिरंगा शहरवासियों में देशभक्ति की भावना को और प्रबल करेगा तथा रोजाना सुबह राष्ट्रगान भी कराने का मानस है. इस परियोजना के अंतर्गत चौक के आसपास सौंदर्याकरण, प्रकाश व्यवस्था, व्यवस्थित यातायात मार्ग और आकर्षक डिजाइन तैयार किए जाने की भी योजना है, जिससे गांधी चौक न केवल सुरक्षित बनेगा बल्कि शहर की शोभा भी बढ़ाएगा.

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि विधायक डॉ. आशीष देशमुख लगातार सावनेर के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत हैं सड़कों, सार्वजनिक सुविधाओं और शहर के प्रमुख स्थलों के विकास के साथ अब गांधी चौक का कायाकल्प भी उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. नागरिकों का मानना है कि 125 फीट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज सावनेर के गौरव का प्रतीक बनेगा और आने वाले समय में यह स्थान शहर का प्रमुख आकर्षण केंद्र भी बन सकता है विधायक देशमुख की ‘सावनेर नवनिर्माण’ संकल्पना के अंतर्गत शहर के विकास और सौंदर्याकरण के लिए विभिन्न योजनाएं चरणबद्ध तरीके से लागू की जा रही हैं. गांधी चौक पर राष्ट्रीय ध्वज स्थापना की यह योजना भी उसी संकल्पना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे लेकर शहरवासियों में उत्साह का वातावरण दिखाई दे रहा है.