बॉम्बे हाईकोर्ट के जज से ठग लिए थे 6 लाख

0
34

मुंबई :- बॉम्बे हाईकोर्ट के जज के साथ साइबर ठगी करने वाले आरोपी को मुंबई की कफ परेड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले की शिकायत के आधार पर जामताड़ा से 25 साल के आरोपी को पकड़ा गया है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने फर्जी कस्टमर केयर नंबर बनाया गया, इसके बाद फिशिंग ऐप भेजकर पैसे हड़प लिए गए.

पुलिस के मुताबिक, सुनियोजित तरीके से क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स घोटाले के जरिए लगभग 6.02 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में यह गिरफ्तारी हुई है. आरोपी की पहचान मजहर आलम इसराइल मियां के रूप में हुई है, जो झारखंड के जामताड़ा का रहने वाला है.

मुंबई की कफ परेड पुलिस ने जामताड़ा साइबर सेल और करमाटांड़ पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया. जांचकर्ताओं ने कहा कि मियां कोई छोटा-मोटा अपराधी नहीं है, बल्कि वह कथित तौर पर 10 राज्यों में दर्ज कम से कम 36 मामलों से जुड़ा हुआ है.

पुलिस ने कहा कि ठगी की घटना 28 फरवरी को शुरू हुई, जब जज ने अपने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम करने के लिए बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क करने की कोशिश की. आधिकारिक हेल्पलाइन व्यस्त होने के कारण उन्होंने इंटरनेट का सहारा लिया था. उन्हें जो नंबर मिला, वह साइबर अपराधियों द्वारा बनाया गया फर्जी हेल्पलाइन नंबर था.