– भाजपा का दबदबा, कांग्रेस और AIMIM भी रेस में—आज होगा फैसला
– नगर निगम में सियासी मुकाबला तेज, जोन सभापति पद के लिए कड़ा संघर्ष
नागपुर :- नागपुर नगर निगम के प्रभाग (जोन) सभापति पद के लिए कुल 11 उम्मीदवारों ने गुरुवार को नगर निगम मुख्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. शहर में दस जोन सभापति के पद के लिए कुल 11 आवेदन आए हैं, जिनमें से 8 उम्मीदवार भाजपा से, 2 कांग्रेस से और 1 एआईएमआईएम से हैं.
नागपुर नगर निगम के प्रभाग (जोन) सभापति का चुनाव आज शुक्रवार 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे निगम मुख्यालय स्थित डॉ. पंजाबराव देशमुख स्थायी समिति सभागृह में होगा. इस अवसर पर जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहेंगे.
नागपुर नगर निगम सचिव डॉ. रंजना लाडे के पास भाजपा, कांग्रेस और एआईएमआईएम के उम्मीदवारों ने गुरुवार को डॉ. पंजाबराव देशमुख स्थायी समिति हॉल में जोन सभापति पद के लिए आवेदन दाखिल किए. इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी मनीष सोनी, राजस्व निरीक्षक विलास धुर्वे, भूषण शेलार, मृणाल बागडे, अनिल दावाडे और नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे.
भाजपा से जोन सभापति के लिए नामांकन पत्र स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी दानी, सत्तारूढ़ दल के नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर की उपस्थिति में सभी आठ उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इसमें नगरसेविका तारा (लक्ष्मी) यादव ( लक्ष्मीनगर जोन), नगरसेविका धनश्री देशपांडे ( धरमपेठ जोन ), नगरसेविका ज्योति देवघरे (हनुमाननगर जोन), नगरसेविका भारती बुंदे (धंतोली जोन), नगरसेविका सीमा ढोमणे (नेहरूनगर जोन) , नगरसेविका उमा देशमुख (गांधीबाग जोन), नगरसेविका अभिरुचि राजगिरे (सतरंजीपुरा जोन), नगरसेविका माहेश्वरी बिसेन (लकडग़ंज जोन) ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इस अवसर पर स्वास्थ्य विशेष समिति सभापति मनीषा अतकरे, नगरसेवक पिंटू झलके, नगरसेवक श्रीकांत अगलावे, जलप्रदाय विशेष समिति की सभापति दिव्या धुर्डे, नगरसेवक प्रदीप पोहाणे, नगरसेवक रामभाऊ अम्बुलकर उपस्थित थे.
वहीं कांग्रेस की ओर से नेता प्रतिपक्ष संजय महाकालकर की उपस्थिति में आसिफ शेख ने आशीनगर जोन के लिए अपना नामांकन दाखिल किया और मंगलवारी जोन के लिए नगरसेविका सीमा डवरे ने नामांकन दाखिल किया. इस अवसर पर नगरसेविका सुजाता कोंबाडे, नगरसेविका भावना लोनारे, नगरसेवक विवेक निकोसे, नगरसेवक अभिजीत झा, नगरसेवक शैलेश पांडे, नगरसेवक गौतम अंबादे, नगरसेवक अभिषेक शंभरकर उपस्थित थे. एआईएमआईएम से नगरसेकिवा अलीशा फहीम खान ने जोन सभापति पद के लिए आशीनगर जोन से अपना नामांकन दाखिल किया.
भाजपा का विद्युत विशेष समिति के सभापति पद के लिए आवेदन
विद्युत एवं अग्निशमन समिति के सभापति पद के लिए नामांकन पत्र स्थायी समिति की अध्यक्ष शिवानी दानी-वखरे और सत्ताधारी दल के नेता नरेंद्र (बाल्या) बोरकर ने नगरसेविका रूपाली ठाकुर की उपस्थिति में दाखिल किए, जबकि नगरसेवक लखन येरवार ने उपसभापति पद के लिए अपना आवेदन दाखिल किया.



