Saturday, April 18, 2026
spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

7वीं-10वीं के छात्र भी ले रहे MD ड्रग्स – सांसद प्रशांत पडोले ?

भंडारा :- भंडारा जिले में ड्रग्स का बड़ा रैकेट सक्रिय होने का सनसनीखेज दावा भंडारा-गोंदिया लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने किया है। खास बात यह है कि उन्होंने कहा कि कक्षा 7वीं से 10वीं तक के नाबालिग छात्रों को भी MD ड्रग्स आसानी से उपलब्ध हो रहा है। इस दावे के बाद पूरे जिले में चिंता का माहौल बन गया है। पडोले ने इस मामले में तुरंत कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

बच्चों तक नशा पहुंचने से पालकों में चिंता

उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है और इससे भविष्य की पीढ़ी खतरे में पड़ सकती है। इस रैकेट का पूरी तरह सफाया जरूरी है। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि स्कूल स्तर पर विशेष समितियां गठित की जाएं या अलग से टीम बनाकर छात्रों में बढ़ते ड्रग्स के इस्तेमाल पर नियंत्रण रखा जाए। इस दावे के सामने आने के बाद शिक्षा क्षेत्र और अभिभावकों में भारी चिंता देखी जा रही है। नाबालिग बच्चों तक नशे का पहुंचना बेहद गंभीर माना जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य और मानसिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। समाज के विभिन्न वर्गों ने इस मामले की गहन जांच की मांग की है।

नशे के खिलाफ सख्त कदम : भोयर

इधर इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए जिले के पालकमंत्री एवं गृहराज्यमंत्री पंकज भोयर ने सरकार का पक्ष स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ड्रग्स के खिलाफ बेहद संवेदनशील है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में एंटी नारकोटिक्स नीति लागू की गई है और पूरे राज्य में नशे के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

जनजागरूकता और सख्ती पर जोर

भोयर ने बताया कि पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्कूलों के आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है और संदिग्धों पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही छात्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी योजना बनाई जा रही है।

अब कार्रवाई पर नजर

इस पूरे घटनाक्रम के बाद भंडारा जिले में MD ड्रग्स के बढ़ते जाल का मुद्दा एक बार फिर सामने आ गया है। यदि प्रशासन ने समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। अब इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर पूरे जिले की नजर बनी हुई है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com