– वीडियो रिकॉर्डिंग और बायोमेट्रिक्स के बाद ही प्रवेश की अनुमति
नागपुर :- शहर पुलिस आयुक्त कार्यालय के अंतर्गत पुलिस कांस्टेबल के 595 रिक्त पदों की भर्ती के लिए पात्र उम्मीदवारों की लिखित परीक्षा रविवार, 26 अप्रैल को सुबह 11 बजे शहर के चार केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. प्रशासन ने इस परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी और अनुशासित तरीके से संचालित करने के लिए विस्तृत योजना बनाई है और अनुचित साधनों के इस्तेमाल को रोकने के लिए अत्याधुनिक प्रणालियों का उपयोग किया जाएगा.
संयुक्त पुलिस आयुक्त नवीन चंद्र रेड्डी द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार, उम्मीदवारों के लिए सुबह 8 बजे तक केंद्रों पर उपस्थित होना अनिवार्य कर दिया गया है. 8 बजे के बाद आने वाले किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी.
परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक केंद्र पर वीडियो रिकॉर्डिंग और बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा. यदि किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या नकल पाई जाती है, तो महाराष्ट्र प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, उम्मीदवार को तत्काल अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा. परीक्षा केंद्र परिसर में रिश्तेदारों या अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है.
चार परीक्षा केंद्रों में रायसोनी कॉलेज, रामदेव बाबा यूनिवर्सिटी इंजीनियरिंग कॉलेज (सदर) (काटोल रोड), तुलसीराम गायकवाड़ पाटिल इंजीनियरिंग कॉलेज (वर्धा रोड) और सेंट फ्रांसिस डी सेल्स कॉलेज (सेमिनरी हिल्स) शामिल हैं. परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवार
महाआईटी का एडमिट कार्ड और फील्ड टेस्ट का एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य है. इसके साथ ही, मूल पहचान पत्र (पैन कार्ड, वोटर आईडी कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या मूल आधार कार्ड) और दो पासपोर्ट साइज फोटो भी आवश्यक हैं.. परीक्षा केंद्र पर मोबाइल, स्मार्ट वॉच या कोई भी डिजिटल उपकरण ले जाना सख्त मना है.

