– बिजली बिल वसूली करने पहुंची महिला कर्मी से अभद्रता
नागपुर :- यशोधरा नगर इलाके में बिजली बिल की बकाया वसूली के दौरान महिला बिजली कर्मचारी और उनकी टीम के साथ अभद्रता और धक्कामुक्की का मामला सामने आया है. आरोप है कि बिजली कनेक्शन काटने पहुंची टीम के साथ आरोपी ने गाली-गलौज की और हाथापाई कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे यशोधरा नगर थाना क्षेत्र के मेहबूबपुरा, टिपू सुलतान चौक इलाके की है. जानकारी के मुताबिक, बिजली वितरण केंद्र में प्रिन्सिपल टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत सत्यभामा वानखेडे अपनी टीम के साथ बकाया बिजली बिल की वसूली और बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई के लिए पहुंची थीं.
इसी दौरान आरोपी अशपाक मोहम्मद जुम्मान अंसारी घर से बाहर आया और बिजली काटने की कार्रवाई का विरोध करने लगा. आरोप है कि उसने महिला कर्मचारी और स्टाफ के साथ अश्लील गाली-गलौज की तथा धक्कामुक्की भी की. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पीडि़ता की शिकायत पर यशोधरा नगर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.