spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

अजनी रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास तेज

– 72 मीटर चौड़ा वातानुकूलित कॉन्कोर्स बनेगा आकर्षण, मेट्रो स्टेशन से भी जुड़ेगा परिसर

नागपुर :- अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अजनी रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का काम तेजी से चल रहा है। स्टेशन के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में निर्माण कार्य जारी है। परियोजना के पूरा होने के बाद अजनी स्टेशन को नागपुर के आधुनिक सैटेलाइट टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ रेलवे, मेट्रो और सड़क मार्ग से आवागमन की सुविधा मिलेगी।

स्टेशन के पूर्वी हिस्से में जी+3 मंजिला भवन का निर्माण अंतिम चरण में है। भूतल पर टिकट काउंटर का काम पूरा हो चुका है, जबकि फिनिशिंग और बाहरी हिस्से को आकर्षक बनाने का काम जारी है। इस भवन के शुरू होने से यात्रियों को पूर्वी दिशा से स्टेशन में प्रवेश करने और बाहर निकलने में सुविधा होगी।

72 मीटर चौड़ा होगा वातानुकूलित कॉन्कोर्स

परियोजना की प्रमुख विशेषता पटरियों के ऊपर बनने वाला 72 मीटर चौड़ा वातानुकूलित एलिवेटेड कॉन्कोर्स है। इसका उपयोग यात्रियों के आवागमन, प्रतीक्षालय और अन्य यात्री सुविधाओं के लिए किया जाएगा। इससे सभी प्लेटफॉर्म तक पहुंच आसान होगी और यात्रियों को मौसम की मार से राहत मिलेगी। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) के मुख्य परियोजना अधिकारी पवन कुमार पाटिल के अनुसार, कॉन्कोर्स का निर्माण महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गया है। नींव के पहले स्तर का काम पूरा हो चुका है, जबकि स्लैब और छत लगाने का काम जारी है। इसके पूरा होने पर स्टेशन के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच बेहतर संपर्क स्थापित होगा।

चार नए प्लेटफॉर्म का निर्माण जारी

फिलहाल अजनी स्टेशन पर तीन प्लेटफॉर्म संचालित हैं। इसके अलावा चार नए प्लेटफॉर्म बनाने का काम जारी है। निर्माण कार्य के दौरान रेल सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए फिलहाल पश्चिमी हिस्से से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

पश्चिमी हिस्से में गर्डर लगाने का कुछ काम सड़क के नीचे बन रहे रोड अंडरब्रिज (आरयूबी) के कारण लंबित है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद यह काम आगे बढ़ाया जाएगा। स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में जी+1 मंजिला भवन बनाया जा रहा है। इसे कांग्रेस नगर मेट्रो स्टेशन के साथ एकीकृत किया जाएगा। इससे रेल और मेट्रो के बीच यात्रियों का आवागमन आसान होगा।

पुनर्विकास परियोजना के तहत आधुनिक स्टेशन भवन, अतिरिक्त प्लेटफॉर्म, वातानुकूलित कॉन्कोर्स और मेट्रो कनेक्टिविटी विकसित की जा रही है। परियोजना पूरी होने के बाद अजनी स्टेशन की यात्री क्षमता और सुविधाओं में वृद्धि होने के साथ नागपुर के रेल यातायात को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Popular Articles