spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

नेपाल भाग रहा था आरोपी, नागपुर में पकड़ा गया

नागपुर /पुणे :- पुणे के हड़पसर स्थित निजी अस्पताल में बम जैसी सामग्री रखने के आरोपी शिवाजीराम राठौड़ को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी नेपाल भागने की तैयारी कर रहा था। आरोपी को शनिवार को पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बम जैसी सामग्री रखने के बाद आरोपी दाढ़ी काटवाकर वापस हॉस्पिटल में माहौल देखने के लिए पहुंचा था। पुलिस ने जिस आरोपी को सीसीटीवी में देखा था, वह दाढ़ी वाला था। जब वह हॉस्पिटल में घूम रहा था तब उसकी दाढ़ी नहीं थी, इसलिए पुलिस उसे पहचान नहीं पाई थी। आरोपी को गुप्त रोग था। अस्पताल ने 10 मई को इसके इलाज के लिए 7 लाख रुपए का खर्च बताया था। पैसों की तंगी के चलते आरोपी ने हॉस्पिटल में बम रख डराने की योजना बनाई थी ताकि हॉस्पिटल से 8 लाख रुपए वसूल सके। आरोपी ने बाजार से दो पाइप व सेलो टेप लिया और ऑनलाइन एक टाइमर घड़ी बुलाई। प्राथमिक जांच में आया कि आरोपी ने यूट्यूब में देखकर बम बनाया था। उसका इरादा डराने का था। बम में विस्फोटक था या नहीं यह फोरेंसिक जांच में पता चलेगा।

नागपुर पुलिस से मांगा सहयोग

आरोपी रहने वाला सोलापुर का है और मांजरी में उसकी कपड़े और जूते की दुकान है। जब उसे पता चला कि पुलिस उसे ढूंढ़ रही है तब आरोपी ने नेपाल भागने की योजना भी बनाई। वह नागपुर से हावड़ा भाग रहा था, जहां से वह नेपाल जाने वाला था। आरोपी को ढूंढ़ने के लिए पुलिस ने नाकाबंदी की थी। उसकी लोकेशन देख पुणे स्टेशन में भी पुलिस की टीम पहुंची थी, लेकिन 15 मिनट पहले ही आरोपी ट्रेन में बैठ चुका था। आरोपी नेपाल जाने वाला है, यह जानकारी आरोपी के परिवार से मिली थी। पुणे पुलिस व एटीएस की टीम ने खंगाला तो आरोपी आजाद हिंद एक्सप्रेस में सवार था। पुणे पुलिस ने नागपुर पुलिस से सहायता मांगी। नागपुर एटीएस ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ लिया। पुणे पुलिस व एटीएस ने नागपुर जाकर उसे गिरफ्तार किया।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.