नागपुर :- डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच अब पेट्रोल पंपों पर डीजल की किल्लत और ‘राशनिंग’ की खबरें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि कई पंपों पर एक ट्रक को अधिकतम 100 लीटर तक ही डीजल दिया जा रहा है। 100 लीटर से ज्यादा डीजल खरीदने वाले ग्राहकों के नाम, मोबाइल नंबर आदि रखने की सूचना ऑयल कंपनियों द्वारा पंप संचालकों को दी गई है। डीजल की राशनिंग से ट्रांसपोर्ट सेक्टर में हड़कंप मच गया है। एक पंप संचालक ने बताया कि जब उसने ट्रक में 100 लीटर से ज्यादा डीजल डाला तो कंपनी की ओर से उसके पंप का नोजल बंद कर दिया गया। कंपनी को स्पष्टीकरण देने के बाद नोजल वापस शुरू किया गया।
नागपुर ट्रकर्स यूनिटी के अध्यक्ष कुक्कू मारवाह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार ट्रक चालकों की शिकायतें मिल रही हैं। एक बड़े ट्रक की टंकी पूरी भरने के बजाय 5,000 रुपए का डीजल मिलने से चालकों को हर कुछ घंटों में दोबारा लाइन में लगना पड़ रहा है। इससे न केवल समय की भारी बर्बादी हो रही है, बल्कि लंबी दूरी की डिलीवरी में भी देरी हो रही है।
सूत्रों के अनुसार, तेल कंपनियों ने पंप संचालकों को सीमित सप्लाई के चलते ऐसे निर्देश दिए हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जानकारों का मानना है कि कीमतों में अचानक वृद्धि के बाद कंपनियों द्वारा सप्लाई को नियंत्रित किया जा रहा है।
एक पंप संचालक ने बताया कि डीजल की राशनिंग के चलते ग्राहक अब इसकी जमाखोरी कर रहे हैं। ग्राहक टंकियों में भरकर डीजल को स्टॉक कर रहे हैं। आम तौर पर जेसीबी या ट्रैक्टर में डालने के लिए ग्राहक टंकी में डीजल ले जाते हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से टंकी में डीजल ले जानेवालों की संख्या बढ़ गई है। कंपनियों ने टंकी में डीजल देने पर भी रोक लगाई है।