spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

लीज की जमीन पर बने अवैध निर्माण ढहाए

– आग्याराम देवी मंदिर के पास मनपा ने चलाया बुलडोजर

नागपुर :- महानगर पालिका के प्रवर्तन विभाग ने शुक्रवार को धंतोली जोन अंतर्गत कार्रवाई करते हुए आग्याराम देवी चौक स्थित मनपा की जमीन पर बने 8 अवैध निर्माणकार्यों को ढहा दिया। दो जेसीबी, दो ट्रैक्टर ब्रेकर और एक पोकलेन मशीन की मदद से इन दुकानों को मलबे में तब्दील कर दिया गया।

अवैध दुकानें जमींदोज : कार्रवाई के दौरान एसटी यूनियन कामगार कांग्रेस की दुकान नंबर 11, शोभा अग्रवाल व आर्यन गैस एजेंसी की दुकान नंबर 13 और अनिल सोनवणे की दुकान नंबर 1 के शटर निकाल दिए गए। इसके अलावा प्रेरणा ऑटोमोबाइल (दुकान नं. 21), जयकुंए (दुकान नं. 20), पिल्लारे (दुकान नं. 19), ज्ञान सेवा मंडल वर्धा (दुकान नं. 16) और महाराष्ट्र अध्ययन मंदिर के अवैध हिस्सों को तोड़ा गया।

करीब 15,000 वर्गमीटर की इस जगह को साल 1937 में लीज पर दिया गया था। लंबे समय से लीज की राशि का भुगतान नहीं किया गया था, साथ ही लीजधारक संस्थाओं ने नियमों का उल्लंघन कर यहां अवैध निर्माण किए और उन्हें किराए पर दे दिया था। इस जमीन को वापस लेने के मामले में न्यायालय में याचिका दायर थी, लेकिन फैसला मनपा के पक्ष में आने के बाद यह कार्रवाई की गई। कुल 21 किरायेदारों में से 13 के पास स्थगनादेश होने के कारण फिलहाल शेष निर्माणों पर ही कार्रवाई की गई।

सीताबर्डी और महाल में भी सख्ती : मुख्य कार्रवाई के साथ ही अतिक्रमण विभाग ने सीताबर्डी मेन रोड और वेरायटी चौक पर दो टीमों की मदद से फुटपाथ खाली कराए। वहीं, महल चौक, बड़कस चौक, केलीबाग रोड और गडकरी वाडा परिसर में भी दिन भर अभियान चलाकर अवैध ठेले और दुकानों को हटाया गया।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.