spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

रेशिमबाग ग्राउंड में धूल का गुबार, खिलाड़ी त्रस्त

– क्रिकेट, फुटबॉल समेत अन्य खेल खेलना मुश्किल

नागपुर :- रेशिमबाग ग्राउंड में खेलने वाले खिलाड़ी इन दिनों धूल के गुबार से परेशान हो गए हैं. इस मैदान में बच्चों से लेकर जवान तक क्रिकेट, फुटबॉल आदि खेलते हैं. कुछ पुलिस भर्ती के लिए भी प्रैक्टिस करते हैं. बुजुर्ग यहां मार्निंग वॉक के लिए आते हैं. सुबह-सुबह ही जब हवा चलती है तो धूल के गुबार उड़ने लगते हैं और लोगों का खेलना व चलना तक मुश्किल हो जाता है. धूल के चलते कुछ दिखाई नहीं देता वहीं सांस लेना भी दूभर हो जाता है.

रोज ही यहां खेलने आने वाले ज्ञानेश्वर ने बताया कि मैदान में विविध सार्वजनिक आयोजनों के लिए मिट्टी डाल दी गई है. यह मिट्टी गर्मी में सूख कर पावडर बन गई है. हल्की सी हवा भी धूल का गुबार बना रही है जिससे लोगों का खेलना दूभर हो गया है.

खेल से अधिक अन्य आयोजन : इस मैदान का उपयोग खेल से अधिक तो विविध आयोजनों के लिए किया जाता है जिससे वैसे भी खिलाड़ी परेशान हैं.

कई बार मैदान की खुदाई भी कर दी जाती है जिसे लेवल नहीं किया जाता. आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में वाहन आते हैं जिससे मैदान की मिट्टी और महीन हो गई है. यही अब उड़कर परेशानी का सबब बन रही है. खेलना ही नहीं मैदान के किनारे बैठना भी मुश्किल हो गया है.

घरों में घुस रही धूल

मैदान से उठने वाले धूल के गुबार मैदान के 3 साइड में बसे मकानों में घुस रहा है. लोगों के घरों के सामान में धूल की परते जम रही है. बाहर खड़े वाहन तो धूल-धूसरित हो रहे हैं. हजारों नागरिक परेशान हो गए हैं. इतने बड़े मैदान में रोज पानी तो नहीं डाला जा सकता लेकिन नागरिकों की मांग है कि मिट्टी की जगह मुरुम डाली जाए, एक ने बताया कि काली मिट्टी भी डाली जाती तो इतनी परेशानी नहीं होती. मैदान में पीली मिट्टी डाली गई है जो जल्द ही महीन हो जाती है और जमती भी नहीं. मैदान का उपयोग करने वाले खिलाड़ियों ने तत्काल ही यहां मुरुम डालकर समस्या का निराकरण करने की मांग की है.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.