– आज जारी होगा आदेश
नागपुर :- नागपुर जिले में भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए स्कूलों के शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को आगे बढ़ा दिया गया है। पहले जहां सभी स्कूलों को 15 जून से शुरू करने के आदेश जारी किए गए थे, वहीं अब संशोधित निर्देशों के अनुसार जिले के सभी स्कूल 23 जून 2026 से खुलेंगे। जिले में इन दिनों हीटवेव का असर साफ देखने को मिल रहा है। दिन के साथ साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का मानना है कि, वर्तमान परिस्थितियों में स्कूल खोलना जोखिम भरा हो सकता था।
कुछ स्थानों पर यह चर्चा भी सामने आई थी कि, स्कूल 26 जून से शुरू हो सकते हैं, लेकिन शिक्षा विभाग के परिपत्र के अनुसार यह स्पष्ट किया गया है कि, सभी स्कूल 23 जून से ही प्रारंभ होंगे। इस संबंध में किसी भी तरह की भ्रम की स्थिति से बचने के लिए आधिकारिक आदेश जारी किया जा रहा है।
नागपुर के शिक्षा अधिकारी के अनुसार, सभी स्कूलों को इस संशोधित समय-सारणी का आधिकारिक परिपत्र 27 मई को भेजा जाएगा। इसके बाद स्कूल प्रबंधन अपने-अपने स्तर पर अभिभावकों और विद्यार्थियों को सूचित करेंगे। स्कूल प्रशासन द्वारा बताया गया है कि, छात्रों और अभिभावकों तक यह सूचना पहुंचाने के लिए व्हाट्सऐप ग्रुप, मोबाइल कॉल और अन्य डिजिटल माध्यमों का सहारा लिया जाएगा, ताकि किसी प्रकार की असुविधा या भ्रम न हो।
हालांकि 15 जून को पहले स्कूल खुलने की तिथि तय थी, ऐसे में एहतियातन कुछ शिक्षक उस दिन स्कूल में उपस्थित रहेंगे। यदि किसी कारणवश कोई छात्र स्कूल पहुंच जाता है, तो उसे सही जानकारी और मार्गदर्शन दिया जाएगा कि, स्कूल अब 23 जून से शुरू होंगे। शिक्षा विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें और बच्चों को नई निर्धारित तिथि के अनुसार ही स्कूल भेजें। साथ ही गर्मी के इस दौर में बच्चों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है।