– कई के मलबे में दबने की आशंका
लखनऊ :- उत्तर प्रदेश में गुरुवार, 28 मई की देर रात आई तूफानी आंधी ने जमकर कहर बरपाया है. भीषण तूफान के कारण हमीरपुर जिले में बड़ा हादसा हो गया. यहां एक निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा ढह गया जिससे मलबे के नीचे दबकर छह मजदूरों की मौत हो गई. अब भी कई लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है.
हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने घटना के बारे में बताया कि 28 और 29 मई की मध्यरात्रि करीब 2 बजे सूचना मिली कि थाना लालपुर क्षेत्र के मोराकंदर और कुरारा की मवाईजार को जोड़ने के लिए बन रहे पुल का स्लैब गिर गया है. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और हम सभी तत्काल मौके पर पहुंच गए. अभी जो लोग फंसे हुए हैं, उन्हें बचाने के लिए एसडीआरएफ और हमारी टीम लगातार प्रयास कर रही है. एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि छह लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है. इनमें से पांच लोगों की पहचान कर ली गई है. स्लैब हटाकर उन्हें बाहर निकाला जाएगा.
जानकारी के मुताबिक, निर्माणाधीन पुल बेतवा नदी पर बन रहा था. हादसे के समय पुल के नीचे कई मजदूर सो रहे थे जो इसके बड़े हिस्से के ढहने के कारण मलबे में दब गए. मृतकों में बांदा और हमीरपुर जनपद के मजदूर हैं. इस पुल का निर्माण राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयासों से कराया जा रहा था. हादसे के कारणों की जांच के लिए तकनीकी टीम को भी बुलाया जा रहा है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पुल की गुणवत्ता में कोई कमी थी या उसके ढहने के पीछे कोई अन्य वजह थी.
मृतकों और घायलों की पहचान करने का प्रयास
फिलहाल प्राथमिकता मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की है. इसके लिए अधिकारी मौके पर डटे हुए हैं. घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी पहुंच चुके हैं. प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान करने का प्रयास कर रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया है और परिजनों को खोने वाले परिवारों के लिए शोक जाहिर किया है. सीएम योगी आदित्यनाथ ने घायलों का तुरंत इलाज कराने के निर्दश भी अधिकारियों को दिए हैं.



