पत्रकार की बाइक पर बैठकर जानीं ग्रामीणों की समस्याएं, सांसद की संवेदनशीलता देख भावुक हुए गांववासी
हंसराज,भंडारा बेला :- राजनीति में अक्सर यह देखा जाता है कि चुनाव जीतने के बाद जनप्रतिनिधि जनता से दूर हो जाते हैं, लेकिन भंडारा-गोंदिया के सांसद प्रशांत पड़ोले ने अपने व्यवहार से एक अलग मिसाल पेश की है। 45 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी में अपनी आरामदायक एसी गाड़ी छोड़कर एक पत्रकार के साथ गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने वाले सांसद की पूरे जिले में चर्चा हो रही है।
जानकारी के अनुसार, ‘इंसाइडर न्यूज टुडे’ के पत्रकार हंसराज बेला गांव की स्थानीय समस्याओं और प्रशासनिक लापरवाही की रिपोर्टिंग के लिए अपनी दोपहिया वाहन से गांव जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से गुजर रहे सांसद प्रशांत पड़ोले के काफिले की नजर पत्रकार पर पड़ी। सांसद ने तुरंत अपना वाहन रुकवाया और पत्रकार से उनके गंतव्य के बारे में पूछा। पत्रकार ने गांव में व्याप्त गंभीर समस्याओं और प्रशासन की उदासीनता की जानकारी सांसद को दी। यह सुनते ही सांसद पड़ोले ने बिना देर किए कहा, “मैं भी आपके साथ चलता हूं।”
एसी गाड़ी छोड़ बाइक पर पहुंचे गांव
भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच जहां अधिकांश अधिकारी और जनप्रतिनिधि वातानुकूलित वाहनों से बाहर निकलने से बचते हैं, वहीं सांसद प्रशांत पड़ोले ने अपनी लग्जरी गाड़ी छोड़कर पत्रकार की बाइक पर गांव जाने का निर्णय लिया। उन्हें बाइक पर बैठकर गांव पहुंचते देख ग्रामीण भी आश्चर्यचकित रह गए।
मौके पर ही अधिकारियों को दिए निर्देश
गांव पहुंचने के बाद सांसद ने ग्रामीणों की समस्याएं स्वयं सुनीं। केवल आश्वासन देने तक सीमित न रहकर उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया और समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उनकी तत्परता से ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
ग्रामीणों ने की सराहना
गांववासियों ने सांसद के इस व्यवहार की खुलकर प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने अब तक कई नेता और अधिकारी देखे हैं, लेकिन जनता के बीच इस तरह पहुंचने वाला जनप्रतिनिधि बहुत कम देखने को मिलता है। एक पत्रकार की सूचना पर भरोसा कर सीधे गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और समाधान के लिए तत्परता दिखाने वाले सांसद प्रशांत पड़ोले की इस पहल की क्षेत्रभर में चर्चा हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि “जनता का सांसद ऐसा ही होना चाहिए, जो सुख-दुख में हमेशा लोगों के साथ खड़ा रहे।”



