spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

फुटाला तालाब क्षेत्र में युवक की निर्मम हत्या, गैंगवार की आशंका

नागपुर, संवाददाता :- शहर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र स्थित फुटाला तालाब परिसर में सोमवार शाम एक युवक की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश तथा गैंगवार दोनों पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है।

मृतक की पहचान अमन शेख के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह कुख्यात अपराधी शेखू का भतीजा बताया जा रहा है। बताया जाता है कि सोमवार शाम करीब 6 बजे अमन शेख का फुटाला झील के पास एक दुकान पर योगेंद्र उर्फ लाला पांडे से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान अमन ने लाला पांडे को थप्पड़ मार दिया।

कुछ ही देर बाद लाला पांडे अपने भाई जंगली पांडे और अन्य साथियों के साथ मौके पर लौटा। आरोप है कि सभी ने मिलकर अमन पर चाकू और तलवार जैसे धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमन ने जान बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा कर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गिट्टीखदान थाना पुलिस, अपराध शाखा और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की और पूछताछ के लिए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपियों सहित अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

गौरतलब है कि शहर के नए पुलिस आयुक्त द्वारा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दिए जाने के कुछ ही घंटों बाद यह हत्या हुई है। ऐसे में शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, गैंगवार या कोई अन्य कारण है, इसकी जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.