– पाकिस्तानी गैंगस्टरों का सोशल मीडिया जाल
नागपुर :- महाराष्ट्र में पाकिस्तान से संचालित कथित सोशल मीडिया नेटवर्क को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। महाराष्ट्र एंटी टेररिज्म स्क्वॉड (एटीएस) ने नागपुर समेत पांच जिलों में एक साथ छापेमारी कर 10 युवकों को हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि इन युवकों के संपर्क पाकिस्तान में बैठे कुख्यात गैंगस्टरों से थे और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए उनसे लगातार संवाद हो रहा था। शुरुआती जांच में इंस्टाग्राम और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के जरिए संपर्क स्थापित किए जाने के संकेत मिले हैं। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि युवाओं को लालच और बहकावे के जरिए भविष्य में आपराधिक या देशविरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल करने की योजना बनाई जा रही थी।
महाराष्ट्र एटीएस ने नागपुर, गोंदिया, गड़चिरोली, चंद्रपुर और वर्धा जिलों में एक साथ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान 10 युवकों को हिरासत में लिया गया। सूत्रों के अनुसार पूरे महाराष्ट्र में अलग-अलग स्थानों से 160 से ज्यादा युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां उनके डिजिटल कनेक्शन और गतिविधियों की जांच कर रही हैं।
पाकिस्तानी गैंगस्टरों से जुड़े संपर्कों के संकेत
प्रारंभिक जांच में जिन नामों का उल्लेख सामने आया है, उनमें पाकिस्तान के कुख्यात गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जाट और राणा हनेने शामिल बताए जा रहे हैं। जांच एजेंसियों को युवकों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल चैट रिकॉर्ड में ऐसे संकेत मिले हैं, जो इन गैंगस्टरों या उनसे जुड़े नेटवर्क के साथ संपर्क की ओर इशारा करते हैं।
सोशल मीडिया का जाल
एटीएस सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इस पूरे नेटवर्क का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम था। बताया जा रहा है कि युवाओं को पहले इंस्टाग्राम और अन्य ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए जोड़ा गया। इसके बाद उनसे लगातार संपर्क बनाकर उनकी व्यक्तिगत, आर्थिक और सामाजिक जानकारी जुटाई गई। अधिकारियों को आशंका है कि ऐसे नेटवर्क कमजोर आर्थिक स्थिति वाले या आसानी से प्रभावित होने वाले युवाओं को निशाना बनाते हैं।




