– शहर के विभिन्न हिस्सों से हटाने की शुरुआत
नागपुर :- शिवसेना (उद्धव बालासाहब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे के प्रस्तावित नागपुर दौरे से पहले शहर में लगाए गए विवादित बैनरों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इन बैनरों में वर्ष 2022 में सांसद नवनीत राणा और विधायक रवि राणा से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए राजनीतिक संदेश प्रदर्शित किए गए थे।
बैनरों की जानकारी मिलते ही नागपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर लगाए गए संबंधित बैनरों को हटाये गये। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती और प्रतिबंधात्मक कदम उठाए गए हैं।








