spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नागपुर को ‘ग्रीन सिटी’बनाने का संकल्प

– 10 लाख पौधे लगाएगी मनपा

– निरोगी जीवन के लिए स्वच्छ और हरित पर्यावरण जरूरी : गडकरी

नागपुर :- पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से नागपुर शहर और जिले में 1 से 30 अगस्त तक 10 लाख पौधारोपण का महाअभियान चलाया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए शुक्रवार को कविवर्य सुरेश भट सभागार में आयोजित बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागरिकों से बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।

यह अभियान नागपुर महानगरपालिका, नागपुर सुधार प्रन्यास, जिला प्रशासन, जिला परिषद और ग्रीन फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जाएगा। बैठक को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि स्वस्थ और निरोगी जीवन के लिए स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण जरूरी है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का अभियान बनना चाहिए। उन्होंने बताया कि लगाए जाने वाले पौधों की नियमित निगरानी भी की जाएगी, ताकि उनकी जीवित रहने की स्थिति और हरित क्षेत्र में हुई वास्तविक वृद्धि का आकलन किया जा सके। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, स्कूल-कॉलेजों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, पुलिस विभाग और सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

महापौर नीता ठाकरे ने कहा कि नागपुर को देश का सबसे सुंदर और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने बताया कि पहले महानगरपालिका क्षेत्र में 5 लाख पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया था, जिसे अब जनसहभागिता के माध्यम से बढ़ाकर पूरे जिले में 10 लाख पौधों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। ग्रीन फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. सतीश वाटे ने बताया कि संस्था अभियान के लिए तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि पौधों की सुरक्षा के लिए मोइल की ओर से लोहे के ट्री-गार्ड भी उपलब्ध कराए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान वन विभाग, वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड और मोइल के अधिकारियों का केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महापौर नीता ठाकरे के हाथों सम्मान किया गया। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं ने बड़ी संख्या में पौधे उपलब्ध कराने का संकल्प भी लिया।

बैठक में विधायक कृष्णा खोपड़े, मोहन मते, प्रवीण दटके, उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति की सभापति शिवानी दाणी-वखरे, मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनायक महामुनी, पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, ग्रीन फाउंडेशन के प्रमुख डॉ. सतीश वाटे, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Popular Articles