– रामटेक पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त कार्रवाई
नागपुर :- नागपुर ग्रामीण पुलिस ने यवतमाल की एक युवती का अपहरण कर उसके परिजनों से 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने वाले एक अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार कर युवती को सकुशल मुक्त कराया है। यह कार्रवाई रामटेक पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस के अनुसार, यवतमाल निवासी एक युवती का एक अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया था। इसके बाद आरोपी ने युवती के मोबाइल फोन से उसके पिता को कॉल कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी और रकम नहीं देने पर युवती की हत्या करने की धमकी दी। घटना की जानकारी युवती के पिता ने यवतमाल पुलिस को दी। 18 जुलाई 2026 को यवतमाल पुलिस से यह सूचना नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष ए. पोद्दार को प्राप्त हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने उपविभागीय पुलिस अधिकारी रमेश बरकते के नेतृत्व में रामटेक पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
स्थानीय अपराध शाखा ने नागपुर ग्रामीण साइबर पुलिस स्टेशन की सहायता से तकनीकी जानकारी जुटाई और आरोपी के ठिकाने का पता लगाया। इसके आधार पर रामटेक पुलिस ने नगरधन रोड पर घेराबंदी कर बाबूबिघा, पोस्ट विष्णुपुरा, तह. चेरकी, जि. बुद्धगया (बिहार) निवासी आरोपी जिशान अयूब अंसारी (21) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने युवती को सकुशल मुक्त कर लिया है। मामले की विस्तृत जानकारी आगे की जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए यवतमाल पुलिस को सौंप दी गई है।




