– नकदी और आभूषण समेत 1.79 लाख का माल पार
नागपुर :- हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में सोते हुए परिवार के घर में घुसकर चोरी करने का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर ने घर की खिड़की के रास्ते अंदर प्रवेश कर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण सहित 1 लाख 79 हजार रुपये का माल चोरी कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 की रात 9 बजे से 18 जुलाई 2026 की सुबह 4 बजे के बीच प्लॉट नंबर 43, इंद्र नगर, न्यू नरसाला रोड, नागपुर निवासी दीपक भाऊराव बनाईत (56) अपने परिवार के साथ घर के बेडरूम में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ने घर के पीछे स्थित दूसरे बेडरूम की खिड़की से हाथ डालकर दरवाजे की कुंडी खोल ली और घर के भीतर प्रवेश किया। इसके बाद चोर ने बेडरूम में रखी लोहे की अलमारी से 1 लाख 30 हजार रुपये नकद तथा सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कुल कीमत 1 लाख 79 हजार रुपये बताई गई है। फरियादी दीपक बनाईत की शिकायत पर हुडकेश्वर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप बोरकर कर रहे हैं।




