– चोरी की मोपेड सहित आरोपी गिरफ्तार
नागपुर :- नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच की यूनिट क्रमांक-2 ने वाहन चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई करीब 60 हजार रुपये कीमत की मोपेड भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को रात 7 से 7:30 बजे के बीच भांडेवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र के माता मंदिर के पास, भांडेवाड़ी बस्ती, नागपुर में फरियादी सूरज नगर, वाठोडा ले-आउट, नागपुर निवासी बंटी प्रभाकर मेश्राम (30) ने अपनी होंडा एक्टिवा क्रमांक एमएच 49/ बीडी 1465 लॉक कर पार्क की थी। इसी दौरान किसी अज्ञात चोर ने वाहन चोरी कर लिया। फरियादी की शिकायत पर भांडेवाड़ी पुलिस थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की समानांतर जांच के दौरान अपराध शाखा यूनिट क्रमांक-2 के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने तकनीकी जांच और पुख्ता सूचना के आधार पर बिल्डिंग क्रमांक 49, क्वार्टर क्रमांक 584, एलआईजी हुडको कॉलोनी, जरीपटका, नागपुर निवासी हर्षल उर्फ हषु मुकेश तभाने (19) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने उक्त वाहन चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा एक्टिवा, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये है, बरामद कर जब्त कर ली। आरोपी को बरामद वाहन सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भांडेवाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल, सहायक पुलिस आयुक्त नवीनचंद्र रेड्डी, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेंद्र दाभाडे, पुलिस उपायुक्त (डिटेक्शन) दीपक अग्रवाल तथा सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम ब्रांच) वैभव जाधव के मार्गदर्शन में की गई।




