– शादीशुदा होने की सच्चाई सामने आने पर मामला दर्ज
नागपुर :- बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक 22 वर्षीय युवती से कथित रूप से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की पहचान जून 2024 में इंस्टाग्राम के माध्यम से गिड्डोबा नगर, वाठोडा निवासी सचिन काशीनाथ कावले (37) से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने युवती को गणेशपेठ बस स्थानक बुलाया और अपनी कार में बैठाकर बेसा स्थित होटल के पास ले गया। आरोप है कि वहां उसने शादी का वादा कर युवती से शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देकर युवती के साथ संबंध बनाता रहा। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। बाद में युवती को पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। इसके बाद आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। पीड़िता की शिकायत के आधार पर बेलतरोड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।



