spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

छह माह बाद बेटी मिली, भटका मासूम भी पहुंचा घर

– एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और बेलतरोड़ी पुलिस की कार्रवाई, दोनों को परिजनों को सौंपा

नागपुर :- शहर में दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए छह माह से लापता एक नाबालिग किशोरी को सकुशल बरामद किया, वहीं भटक रहे 11 वर्षीय बालक को उसके पिता से मिलाकर परिवार के सुपुर्द किया।

जानकारी के अनुसार शांति नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक 37 वर्षीय व्यक्ति की नाबालिग बेटी 20 जनवरी 2026 को बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चलने पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। 22 जुलाई को क्राइम ब्रांच की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) को सूचना मिली कि किशोरी अपने परिचित भिसी, तह. चिमूर, जि. चंद्रपुर प्रज्वल मारुति ठोंबरे (21) के साथ है। पुलिस दोनों को क्राइम ब्रांच कार्यालय लेकर आई, जहां पूछताछ और किशोरी की काउंसलिंग की गई। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए दोनों को शांति नगर पुलिस के हवाले कर दिया गया।

भटकता हुआ मिला बालक

एक अन्य मामले में 22 जुलाई की शाम बेलतरोड़ी पुलिस के बीट मार्शल चिचभवन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें 11 वर्षीय वसंत सूरज धुर्वे अकेला भटकता हुआ मिला। बालक अपने माता-पिता के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा था। पुलिस ने धैर्यपूर्वक उससे बातचीत कर उसकी पहचान सुनिश्चित की और जांच के दौरान शंकरपुर-पांजरी मार्ग स्थित लेवरेज सिटी निर्माण परियोजना में मजदूरी कर रहे उसके पिता सूरज बैसाख धुर्वे (45), मूल निवासी ग्राम भीमा, तह. बैहर, जि. बालाघाट (मध्य प्रदेश), का पता लगाया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

दोनों मामलों में पुलिस ने बच्चों की काउंसलिंग कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के हवाले कर दिया।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.