नागपुर :- वाठोडा थाना क्षेत्र में एयरलाइंस में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से 3 लाख 26 हजार 500 रुपये की ऑनलाइन ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय पीड़ित सूर्यम ठक्कर अनमोल नगर क्षेत्र का रहने वाला है और इंडिगो एयरलाइन में कार्यरत है। 23 दिसंबर 2025 को उसे एक व्यक्ति ने मोबाइल पर फोन कर अपना नाम जहांगीर खान बताया। आरोपी ने युवक से उसके रोजगार के बारे में जानकारी ली। इसके बाद आरोपी ने उसे रियाद इंटरनेशनल एयरलाइन में केबिन क्रू के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोपी ने ई-मेल के जरिए नौकरी से संबंधित विज्ञापन भी भेजा, जिससे युवक को उस पर विश्वास हो गया। नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपी ने युवक से 3 लाख 26 हजार 500 रुपये की मांग की। युवक ने अलग-अलग तारीखों में आरोपी को उक्त रकम ऑनलाइन माध्यम से दे दी। हालांकि, पैसे लेने के बाद आरोपी ने उसे नौकरी नहीं दिलाई। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। वाठोडा पुलिस ने शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की संबंधित धाराओं सहित सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर मामले की जांच कर रही है।





