नागपुर :- गणेशपेठ थाना क्षेत्र के कॉटन मार्केट चौक के पास चोरों ने एक के बाद एक दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। अज्ञात चोरों ने दुकानों की सीलिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया और मोबाइल फोन, एक्सेसरीज व नकदी समेत करीब 6 लाख 24 हजार रुपये का माल लेकर फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद गणेशपेठ पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी कमल गिरधारी रावलानी (29) मोबाइल दुकान का व्यवसाय करते हैं। उनकी कॉटन मार्केट चौक के पास स्थित ‘मोबाइल वाला’ नामक दुकान में अज्ञात चोरों ने सीलिंग तोड़कर प्रवेश किया। चोरों ने दुकान से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, मोबाइल एक्सेसरीज, बिक्री की नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। इसके बाद आरोपियों ने बगल में स्थित शालीमार वाइन शॉप और मेडिकल शॉप को भी निशाना बनाया। यहां भी सीलिंग तोड़कर दुकानों में प्रवेश किया गया और सामान चोरी कर लिया गया। चोरी हुए सामान में आईफोन, वीवो, सैमसंग और रेडमी के मोबाइल फोन सहित अन्य सामान और नकदी शामिल है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।





