– 7 आरोपी गिरफ्तार, 31 जुलाई तक पीसीआर
नागपुर :- शहर के हुडकेश्वर थाना क्षेत्र स्थित मानेवाड़ा श्मशान घाट में पुरानी रंजिश के चलते 18 वर्षीय युवक की हत्या और उसके नाबालिग मित्र पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी सात नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिगों का भी समावेश है। रविवार को सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 31 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, फरियादी आवास योजना, सिम्बायोसिस कॉलेज के पास, वाठोडा निवासी गायत्री निकेश सूर्यवंशी (35) के 18 वर्षीय पुत्र पवन निकेश सूर्यवंशी का कुछ दिन पहले वाहन टकराने (कट लगने) की घटना को लेकर आरोपियों से विवाद हुआ था। 25जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:30से 4:30 बजे के बीच आरोपियों ने फोन कर पवन सूर्यवंशी और उसके दोस्तों को बातचीत के बहाने मानेवाड़ा श्मशान घाट बुलाया। वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पवन सूर्यवंशी और उसके मित्र विट्ठल नगर निवासी अमन अजय काले (17), पर जानलेवा हमला कर दिया। दोनों पर धारदार हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायल पवन सूर्यवंशी को उपचार के लिए केशव हॉस्पिटल, मानेवाड़ा चौक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, अमन अजय काले का उपचार जारी है। इस मामले में हुडकेश्वर पुलिस ने जूना ज्ञानेश्वर नगर, मानेवाड़ा निवासी कुणाल धनराज चौरसिया (24), महाकाली नगर-3, हुडकेश्वर निवासी वेदांत संदीप कापटे (19), जय गुरुदेव नगर, मानेवाड़ा निवासी रौनक रमेश राव (21), न्यू ज्ञानेश्वर नगर निवासी यश दिलीप लोदे (25), सुशीला हाउसिंग सोसाइटी, मनीष नगर निवासी देवांश प्रवीण श्रीरामे (21), बेलतरोडी निवासी प्रज्वल गिरीश नायडू (20) तथा जानकी नगर, उदय नगर, रिंग रोड, नागपुर निवासी अनुराग पराग शास्त्रकार (20) सहित अन्य साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103 (2), 109 (1), 62 (2) (ए), 191 (3), 190 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत अपराध दर्ज किया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान अजनी थाना की जांच टीम ने पांच आरोपियों को तथा हुडकेश्वर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। सभी सात नामजद आरोपी पुलिस गिरफ्त में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।





