– दो गंभीर घायल, केलोद में हादसा, आरोपी चालक फरार
नागपुर :- केलोद थाना क्षेत्र के पिपला भदी के पास रविवार शाम करीब 4:30 बजे एक अज्ञात ट्रक ने ट्रिपल सीट जा रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में से एक युवक की उपचार दरमियान मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एमएच 40/ एडी 9013 क्रमांक की बाइक पर सवार तीन युवक उमरी गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पिपला भदी के पास एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में प्रशांत बल्की (31) के पैर में गंभीर चोट आई, जबकि आयुष सोमेश्वर काले (20) का हाथ फ्रैक्चर हो गया। वहीं, देवांश बल्की (22) को मामूली चोटें आई हैं। तीनों घायल उमरी गांव के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता हितेश बंसोड ने तत्काल हाईवे पुलिस के सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीकांत कोली को जानकारी दी। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सावनेर ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया। जहां, प्रशांत बल्की की उपचार के दौरान मौत हो गई। केलोद पुलिस अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर फरार वाहन की तलाश कर रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।





